November 12, 2026 19:40:07

डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने लुधियाना के नए डिप्टी कमिश्नर के रूप में संभाला कार्यभार, अधिकारियों के साथ की बैठक, डीसी कार्यालय का भी किया निरीक्षण

Nov11,2026 | Enews Team | Ludhiana

लुधियाना। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने आज लुधियाना के नए डिप्टी कमिश्नर (डीसी) के रूप में आधिकारिक तौर पर कार्यभार संभाल लिया। इस अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि उनकी मुख्य प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना होगी कि सरकार की सभी योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे। 
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि प्रशासनिक सुधार, बुनियादी ढांचे का विकास, सफाई व्यवस्था और यातायात प्रणाली में सुधार, युवाओं एवं महिलाओं का सशक्तिकरण, नशा मुक्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल रहेंगे। जिले में चल रहे विकास कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी की जाएगी, ताकि उन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों की मुख्य समस्याओं को समझना और उनकी शिकायतों का समाधान करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। मीडिया से बातचीत के दौरान डॉ. अग्रवाल ने कहा कि नागरिकों को पारदर्शी और समयबद्ध सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा जनकल्याण के कार्यों में रेडक्रॉस के माध्यम से स्थानीय गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) का सहयोग भी लिया जाएगा।

यूपीएससी परीक्षा में 28वां रैंक हासिल किया
2014 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने यूपीएससी परीक्षा में 28वां रैंक हासिल किया था। उन्होंने बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की है। इससे पहले वह जालंधर, फाजिल्का, गुरदासपुर और पटियाला में डिप्टी कमिश्नर, मोहाली और अमृतसर में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर तथा होशियारपुर में एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि 25 साल पहले वर्ष 2001 में आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में फिरोजपुर जिले में 97 प्रतिशत अंकों के साथ पहला स्थान हासिल करने के बाद उन्होंने डिप्टी कमिश्नर बनने का सपना देखा था। डॉ. अग्रवाल लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए), मसूरी से गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा उन्हें दो बार सर्वश्रेष्ठ जिला चुनाव अधिकारी के रूप में सम्मान मिला है और इन्वेस्ट पंजाब की ओर से भी स्टेट अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है।

पारिवारिक सदस्य भी रहे मौजूद
लुधियाना के डीसी का कार्यभार संभालने के दौरान उनके पिता सुरिंदर अग्रवाल और बहन निशु अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे। उनकी पत्नी कोमल मित्तल भी 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में रूपनगर की डिप्टी कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। डॉ. अग्रवाल के जिला प्रशासनिक परिसर पहुंचने पर एडीसी स्वाति तिवाना सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लुधियाना पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया। कार्यभार संभालने के बाद डॉ. अग्रवाल ने जिला अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने जिला प्रशासनिक परिसर का निरीक्षण भी किया।

Dr-Himanshu-Aggarwal-Has-Taken-Charge-As-The-New-Deputy-Commissioner-Of-Ludhiana-He-Held-A-Meeting-With-Officials-And-Also-Inspected-The-Dc-Office




WebHead

Trending News

पीएम मोदी 27 जुलाई को नहीं करेगें हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, केंद्र स

2027 चुनाव को लेकर पंजाब बीजेपी में मतभेद, जाखड़ बोले- अकाली दल से गठबंधन हो, अश

लुधियाना का सबसे बड़ा एलिवेटेड रोड आज हुआ शुरू, 756 करोड़ की आई लागत

ब्रेकिंग न्यूज - लुधियाना के कपड़ा कारोबारी के घर इनकम टैक्स की रेड, रियल एस्टेट

पंजाब के 4 हाईवे अनिश्चितकाल के लिए बंद: किसान बोले- लिफ्टिंग शुरू होने तक नहीं


Copyright E News Punjab | 2023