3 घंटे तक टंकी पर चढ़ा युवक, पड़ोसियों पर जातिसूचक गालियां देने का आरोप, न्याय की गुहार लगाई; आश्वासन पर नीचे उतरा
Nov18,2026
| Enews Team | Ludhiana
खन्ना। खन्ना के गांव चकोही में जातिगत भेदभाव और प्रताड़ना से परेशान एक दलित युवक आज पानी की टंकी पर चढ़ गया। दविंदर सिंह गिंदी पेंटर करीब 3 घंटे तक टंकी पर डटा रहा। वह प्रशासन से न्याय की गुहार लगाता रहा। टंकी पर चढ़ने की सूचना के बाद पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दविंदर को समझा-बुझाकर शांत किया और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बनती कानूनी कार्रवाई करने का पक्का आश्वासन दिया। पुलिस के भरोसे के बाद ही युवक टंकी से नीचे उतरने को राजी हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दविंदर सिंह ने आरोप लगाया है कि उसने कुछ समय पहले ही गांव में जमीन खरीदकर नया मकान बनाया था। उसके पड़ोस में रहने वाले जमींदार परिवार के लोग उसके साथ जातिगत भेदभाव कर रहे हैं।
पड़ोसी नीचा दिखाते हैं, जातिसूचक शब्द बोलते हैं
दविंदर का कहना है कि वह एससी (SC) समाज से संबंध रखता है। इसी बात को लेकर पड़ोसी उसे नीचा दिखाते हैं, आए दिन जातिसूचक शब्द बोलते हैं और भद्दी गालियां देते हैं। इसी रोज-रोज की मानसिक परेशानी से तंग आकर उसने टंकी पर चढ़ने का यह कदम उठाया। दविंदर सिंह का छोटा भाई भारतीय सेना में कार्यरत है, लेकिन गांव में उसके परिवार को इस तरह के जातिगत भेदभाव का शिकार होना पड़ रहा है।
A-Man-Remained-Atop-A-Water-Tank-For-3-Hours-Alleging-That-His-Neighbors-Had-Directed-Caste-Based-Slurs-At-Him-He-Pleaded-For-Justice-And-Climbed-Down-Only-After-Receiving-Assurances