श्रद्धालुओं से भरा पिकअप टिप्पर में घुसा:अगली सीट पर बैठे 3 लोगों की मौत, 27 श्रद्धालु जख्मी; नैना देवी से लौट रहे थे
Nov17,2026
| Enews Team | Ludhiana
हिमाचल के नैना देवी मंदिर के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप लुधियाना में सड़क पर खड़े टिप्पर से जा टकराया। माछीवाड़ा में हुई यह टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपों में सवार 30 में से 3 श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई। वहीं 27 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। मरने वालों में एक महिला और 2 लड़के शामिल हैं। ये तीनों पिकअप की अगली सीट पर बैठे थे। घायल श्रद्धालु ने आरोप लगाया कि ड्राइवर ओवरस्पीड से पिकअप चला रहा था।
इससे पहले कीरतपुर साहिब में भी हादसा होते-होते बचा था। श्रद्धालुओं ने उसे टोका भी लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। हादसा होने के बाद वह घायलों की मदद करने के बजाय अस्पताल में जाकर भर्ती हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सोमवार रात को हुए इस हादसे की जांच शुरू कर दी है। माछीवाड़ा थाने के SHO चरणजीत सिंह ने कहा कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि ड्राइवर प्रदीप कुमार किसी ट्रैवल या अन्य एजेंसी से जुड़ा नहीं था। श्रद्धालुओं ने खुद ही पिकअप बुक किया था। ड्राइवर पर लापरवाही और ओवरस्पीड के आरोपों की जांच की जा रही है।
Pickup-Truck-Carrying-Pilgrims-Crashes-Into-A-Tipper-3-People-In-The-Front-Seat-Killed-27-Pilgrims-Injured-Group-Was-Returning-From-Naina-Devi