कांग्रेस में बाहरी नेताओं की एंट्री पर कमेटी बनी, परगट सिंह ने बनाई 4 मेंबरी कमेटी; स्थानीय नेताओं-जिला प्रधानों से चर्चा जरूरी
Nov15,2026
| Enews Team | Punjab
चंडीगढ़। पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने दूसरी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं को पार्टी में शामिल करने की प्रक्रिया को लेकर नई व्यवस्था बनाई है। अब किसी भी दूसरे दल के नेता को कांग्रेस में शामिल करने से पहले संबंधित विधानसभा हलके के वरिष्ठ नेताओं और जिला कांग्रेस कमेटी के प्रधान से विचार-विमर्श करना होगा। इसके लिए पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के प्रधान परगट सिंह ने 4 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी में सीडब्ल्यूसी सदस्य विजय इंदर सिंगला, विधायक और उपनेता प्रतिपक्ष अरुणा चौधरी, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लाडी को शामिल किया गया है। यह कमेटी दूसरी पार्टियों के नेताओं की कांग्रेस में एंट्री की प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय करेगी। पार्टी की ओर से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पार्टी के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी नेता को कांग्रेस में शामिल करने से पहले संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष से उचित विचार-विमर्श किया जाएगा। स्थानीय नेताओं की राय को ध्यान में रखने और उनके साथ समन्वय बनाने के बाद ही जॉइनिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस व्यवस्था के जरिए पार्टी ने स्थानीय संगठन को भी दूसरे दलों से आने वाले नेताओं की एंट्री के मामले में भागीदार बनाया है। इससे उन विधानसभा क्षेत्रों में नए नेताओं की एंट्री के दौरान स्थानीय नेताओं और पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी को रोकने में मदद मिल सकती है, जहां पहले से टिकट के दावेदार मौजूद हैं।
2027 के चुनाव को लेकर कांग्रेस में संगठनात्मक तैयारियां तेज
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे देखते हुए कांग्रेस ने संगठन और चुनाव प्रबंधन से जुड़ी तैयारियां तेज कर दी हैं। अक्टूबर में परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनाया गया था। इससे पहले जुलाई में पार्टी ने चुनाव की तैयारियों के लिए अलग-अलग कमेटियों का गठन किया था। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव प्रचार कमेटी और विजय इंदर सिंगला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय कमेटी की जिम्मेदारी दी गई थी। 31 अक्टूबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी की मौजूदगी में पंजाब के वरिष्ठ नेताओं की बैठक भी हुई थी। इसमें 2027 के चुनाव की रणनीति और पार्टी की एकजुटता पर चर्चा की गई थी। अब दूसरी पार्टियों से नेताओं को शामिल करने के लिए अलग कमेटी बनाने को भी चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और स्थानीय नेतृत्व के बीच तालमेल बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
Committee-Formed-Regarding-The-Entry-Of-Outsider-Leaders-Into-The-Congress-Pargat-Singh-Sets-Up-A-4-Member-Panel-Consultations-With-Local-Leaders-And-District-Chiefs-Deemed-Essential