पंजाब। पंजाब वासियों के लिए एक और राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने जगराओं नकोदर रोड स्थित टोल प्लाजा को बंद करने का निर्णय लिया है। यह फैसला निर्धारित समय सीमा से करीब डेढ़ साल पहले लागू किया जा रहा है। पहले यह टोल प्लाजा 15 मई 2027 तक संचालित होना तय था, लेकिन अब इसे पहले ही समाप्त कर दिया गया है। सरकार की ओर से औपचारिक नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। इसके बाद इस मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों को कोई टोल शुल्क नहीं देना पड़ेगा। पंजाब सरकार ने कहा- आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद साढ़े 3 वर्षों में 18 टोल प्लाजा पहले ही बंद किए जा चुके थे। जगराओं नकोदर टोल इस शृंखला में 19वां टोल प्लाजा बन गया है। इस कदम से न केवल लोगों को आवाजाही में राहत मिलेगी, बल्कि परिवहन लागत में भी कमी आएगी। राज्य सरकार के अनुसार पहले ये टोल प्लाजा सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर चलाए जा रहे थे। अब इन सड़कों की देखरेख और रखरखाव सरकार के अधीन रहेगा। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पहले 18 टोल प्लाजा से सरकार को हर साल लगभग 222 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त होता था। सरकार का कहना है कि यह फैसला लोगों की सुविधा, सुगम यातायात और राज्य में विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक और बड़ा कदम है
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)