जालंधर। सोनी टीवी के मशहूर शो कौन बनेगा करोड़पति के 18 सितंबर वाले एपिसोड में पंजाब के जालंधर जिले के लांबड़ा कस्बे के हुसैनपुर गांव के रहने वाले छिन्दरपाल ने इतिहास रच दिया। पेशे से कारपेंटर और जीवन भर संघर्ष करते आए छिन्दरपाल ने अपनी मेहनत, ज्ञान और हिम्मत से न सिर्फ हॉट सीट तक का सफर पूरा किया, बल्कि 50 लाख रुपए भी जीतकर अपने गांव और परिवार का नाम रोशन किया। छिन्दरपाल का जीवन कठिनाइयों से भरा रहा है। कारपेंटर का काम करते हुए उन्होंने अपने परिवार की जिम्मेदारी निभाई और साथ ही पढ़ाई-लिखाई और सामान्य ज्ञान में गहरी रुचि रखी। अपने ज्ञान और आत्मविश्वास की मदद से उन्होंने यह दिखा दिया कि बड़े सपने भी मेहनत और लगन से पूरे किए जा सकते हैं।
बिग-बी भी छिन्दरपाल के संघर्ष से हुए प्रभावित
बिग-बी अमिताभ बच्चन भी छिन्दरपाल के संघर्ष और खेल से बहुत प्रभावित हुए। एपिसोड की शुरुआत में ही छिन्दरपाल ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने एक के बाद एक सवालों का सही जवाब दिया और बिना ज्यादा लाइफ लाइन इस्तेमाल किए बड़ी रकम जीत ली। अमिताभ बच्चन ने कहा कि उनकी सोच और आत्मविश्वास हमेशा दिलों में रहेंगे। एपिसोड 7.50 लाख रुपए के सवाल से शुरू हुआ, जिसका छिन्दरपाल ने आत्मविश्वास से सही जवाब दिया। इसके बाद उन्होंने 12.50 लाख और 25 लाख रुपए के सवाल भी सही हल किए। 25 लाख रुपए के सवाल पर उन्होंने दो लाइफ लाइन इस्तेमाल की, लेकिन किस्मत ने उनका साथ दिया। जब 50 लाख का सवाल आया, तो बिना किसी लाइफ लाइन के छिन्दरपाल ने सही उत्तर देकर सभी को हैरान कर दिया और पूरा स्टूडियो तालियों से गूंज उठा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)