नई दिल्ली। भारत व पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ रहे तनाव को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में टॉप अफसरों के साथ मीटिंग की। पीएम ने विभिन्न मंत्रालयों के सचिवों से कहा कि अपनी मिनिस्ट्री के ऑपरेशंस का विस्तार से रीव्यू करें। साथ ही जरूरी सिस्टम, हर समय तैयार रहने, इमरजेंसी रिस्पॉन्स और इंटरनल कम्युनिकेशन प्रोटोकॉल के लिए कहा है। प्रधानमंत्री के साथ मीटिंग में कैबिनेट सचिव, प्रधानमंत्री ऑफिस (PMO) के सीनियर अफसर, रक्षा, गृह, विदेश, सूचना-प्रसारण, ऊर्जा, स्वास्थ्य और टेलीकम्युनिकेशन विभाग के सचिव शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने सभी अफसरों से हमेशा अलर्ट और साफ कम्युनिकेशन रखने को कहा है। मोदी ने फिर से कहा कि सरकार देश और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
विदेश मंत्री जयशंकर की चेतावनी- हमला किया तो पाकिस्तान को करारा जवाब जरूर देंगे
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ईरान के विदेश मंत्री सैय्यद अब्बास से द्विपक्षीय बैठक में कहा कि पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर की गई कार्रवाई सोची-समझी और सीमित थी। उसका इरादा तनाव बढ़ाने का नहीं है, लेकिन अगर भारत पर कोई सैन्य हमला होता है, तो उसका जवाब बहुत कड़ा और निर्णायक होगा। उन्होंने कहा- एक पड़ोसी और अहम साझेदार होने के नाते ईरान को हालात को लेकर स्पष्ट और सही जानकारी होना जरूरी है, ताकि किसी तरह की गलतफहमी न हो।
Pm-Modi-Held-A-High-Level-Meeting-With-Officers-And-Said-Everyone-Should-Be-Alert