पंजाब। पंजाब के खरड़ से आम आदमी पार्टी (आप) की एमएलए और पूर्व मंत्री अनमोल गगन मान को चंडीगढ़ की कोर्ट ने 4 साल पुराने मामले में बरी कर दिया है। मान पर पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने का केस चल रहा था। मान के साथ आप के चंडीगढ़ प्रभारी डॉ. सनी आहलूवालिया, राजविंदर गिल और अर्शदीप सिंह को भी सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया है। यह फैसला चंडीगढ़ के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) सचिन यादव की अदालत ने सुनाया। यह मामला 4 अगस्त, 2021 का है। उस समय आप नेताओं ने चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान झड़प हो गई। इस झड़प में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद सेक्टर-39 थाने में आईपीसी की धारा 188, 323, 332 और 353 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर महाबीर सिंह ने AAP नेताओं पर केस दर्ज कराया था। उन्होंने शिकायत में कहा था कि गिल, अनमोल गगन मान, आहलूवालिया और अर्शदीप समेत कई अन्य आप महिला विंग कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय के बाहर इकट्ठा हो गए थे और बेरिकेड्स तोड़ने की कोशिश की। इस घटना में पुलिसकर्मी घायल भी हुए थे। इसके अलावा कोरोना काल में सामाजिक दूरी बनाने के नियमों की भी उल्लंघना की गई थी।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)