November 5, 2026 01:26:54

सनव्यू हारमोनी को Environmental Clearance में बड़े झोल के संकेत ? अगर कैंसर जैसी खतरनाक बीमारियां फैली तो आखिर किन किन के सिर फूटेगा ठीकरा

बुड्ढा नाला से महज 50-100 मीटर दूरी पर 500 रिहायशी प्लॉट काटने की मंजूरी पर उठे गंभीर सवाल

Nov3,2026 | Enews Team | Ludhiana

लुधियाना | यशपाल शर्मा
बुड्ढा नाला के प्रदूषण को लेकर लगातार उठते सवालों के बीच अब इसके किनारे विकसित की जा रही सनव्यू हारमोनी रेजिडेंशियल टाउनशिप की पर्यावरणीय मंजूरी भी जांच के घेरे में है। करीब 500 रिहायशी प्लॉटों वाली इस कॉलोनी की दूरी बुड्ढा नाला से महज 50 से 100 मीटर के बीच बताई जा रही है। हैरानी की बात यह है कि प्रोजेक्ट में ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए बुड्ढा नाला की तरफ 100 फीट चौड़ी सड़क भी प्रस्तावित की गई है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या Environmental Clearance (EC) देने से पहले संबंधित विभागों ने इस क्षेत्र के भूजल और मिट्टी की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच करवाई थी? क्या Lead, Chromium, Cadmium, Nitrate और बैक्टीरिया जैसे प्रदूषकों की मौजूदगी का आकलन किया गया? क्या EIA रिपोर्ट में बुड्ढा नाला के प्रदूषण और भविष्य में यहां रहने वाले परिवारों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव का उल्लेख है? या फिर पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया केवल दस्तावेजी औपचारिकताओं तक सीमित रही? ऐसे में अगर यहां कैंसर जैसी गंभीर बीमारियां फैलती है तो इसका ठीकरा किस-किस के सिर पर फूटेगा यह अपने आप में एक सवाल है।

प्रोजेक्ट का क्षेत्रफल भी कम नहीं
प्रोजेक्ट के उपलब्ध विवरण के अनुसार इसमें 1,65,296.567 वर्ग मीटर क्षेत्र रिहायशी इस्तेमाल के लिए और 14,835.48 वर्ग मीटर क्षेत्र कमर्शियल इस्तेमाल के लिए रखा गया है। यानी इन दोनों मदों का कुल क्षेत्रफल 1,80,132.047 वर्ग मीटर है। लगभग 500 रिहायशी प्लॉटों वाली इस टाउनशिप में भविष्य में बड़ी आबादी के रहने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षित पेयजल, सीवरेज, ड्रेनेज और पर्यावरणीय सुरक्षा की व्यवस्था की जांच बेहद जरूरी हो जाती है।

भूजल और मिट्टी की जांच हुई या नहीं?
पर्यावरणीय मंजूरी से पहले सबसे अहम सवाल यह है कि क्या संबंधित विभागों ने प्रोजेक्ट स्थल पर Groundwater Testing और Soil Testing करवाई थी?

* क्या जमीन के अलग-अलग हिस्सों से पानी के सैंपल लिए गए?
* क्या Lead, Chromium, Cadmium और Arsenic की जांच हुई?
* क्या पानी में Nitrate, TDS और बैक्टीरिया की मात्रा जांची गई?
* क्या मिट्टी में भारी धातुओं और औद्योगिक प्रदूषण की जांच हुई?
* क्या जांच किसी मान्यता प्राप्त लैब से करवाई गई?
* क्या इन रिपोर्टों को SEIAA के सामने रखा गया?
यदि जांच हुई तो उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं है? और यदि जांच नहीं हुई तो पर्यावरणीय जोखिम का आकलन किस आधार पर किया गया?

EIA रिपोर्ट में बुड्ढा नाला का जिक्र है या नहीं?
Environmental Impact Assessment (EIA) का उद्देश्य केवल प्रोजेक्ट का नक्शा और निर्माण योजना देखना नहीं, बल्कि आसपास के पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव का वैज्ञानिक अध्ययन करना भी है।

इस प्रोजेक्ट को लेकर सवाल हैं:
* क्या EIA रिपोर्ट में बुड्ढा नाला से 50-100 मीटर की दूरी का उल्लेख है?
* क्या नाले के प्रदूषित पानी और उससे पैदा होने वाले संभावित पर्यावरणीय जोखिम का अध्ययन किया गया?
* क्या भूजल में प्रदूषण फैलने की आशंका का आकलन हुआ?
* क्या दुर्गंध, मच्छरों और अन्य स्वास्थ्य जोखिमों का अध्ययन किया गया?
* क्या आसपास के औद्योगिक प्रदूषण को रिपोर्ट में शामिल किया गया?
* क्या विशेषज्ञों ने साइट का निरीक्षण किया था?
इन बिंदुओं का जवाब EIA रिपोर्ट और SEAC की मूल्यांकन कार्यवाही से मिलना चाहिए।

SEIAA, PPCB और अन्य विभागों की जवाबदेही
पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया में संबंधित संस्थाओं की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
SEIAA: क्या पर्यावरणीय मंजूरी देते समय भूजल और बुड्ढा नाला के प्रदूषण का आकलन किया गया?
SEAC: क्या विशेषज्ञ समिति ने प्रोजेक्ट की पर्यावरणीय रिपोर्ट और साइट की वास्तविक स्थिति की समीक्षा की?
Punjab Pollution Control Board: क्या PPCB ने Consent to Establish और अन्य आवश्यक अनुमतियों से पहले प्रदूषण की स्थिति की जांच की?
Health Department: क्या भविष्य में यहां रहने वाले परिवारों के स्वास्थ्य और पेयजल की गुणवत्ता का आकलन किया गया?
नगर निगम: क्या सुरक्षित पानी, सीवरेज, STP और ड्रेनेज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की गई?
District Administration: क्या जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों से पर्यावरणीय सुरक्षा को लेकर कोई रिपोर्ट मांगी?


मंजूरी में प्रदूषण को लेकर विशेष शर्तें लगाई गईं या नहीं?
यदि प्रोजेक्ट के आसपास भूजल प्रदूषित है और बुड्ढा नाला भी प्रदूषण की समस्या से जूझ रहा है तो पर्यावरणीय सुरक्षा के उपायों की जांच बेहद जरूरी है।

मुख्य सवाल:
1. टाउनशिप में पीने के पानी की आपूर्ति किस स्रोत से होगी?
2. क्या भूजल निकालने की अनुमति ली गई है?
3. क्या सुरक्षित पेयजल की नियमित लैब जांच की शर्त लगाई गई?
4. क्या STP की पर्याप्त क्षमता सुनिश्चित की गई?
5. क्या ट्रीटेड सीवेज को जमीन में जाने से रोकने की व्यवस्था है?
6. क्या Rainwater Harvesting से पहले भूजल प्रदूषण के प्रसार का अध्ययन हुआ?
7. क्या EC में प्रदूषण की निगरानी और स्वास्थ्य सुरक्षा की विशेष शर्तें लगाई गईं?
सबसे बड़ा सवाल: क्या लगभग 500 परिवारों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए पर्यावरणीय सुरक्षा की पूरी जांच की गई या केवल मंजूरी की औपचारिकताएं पूरी करके प्रोजेक्ट को आगे बढ़ने दिया गया?

Signs-Of-Major-Irregularities-In-The-Environmental-Clearance-For-Sunview-Harmony-If-Dangerous-Diseases-Like-Cancer-Were-To-Spread-Who-Exactly-Would-Be-Held-Responsible




WebHead

Trending News

पीएम मोदी 27 जुलाई को नहीं करेगें हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, केंद्र स

2027 चुनाव को लेकर पंजाब बीजेपी में मतभेद, जाखड़ बोले- अकाली दल से गठबंधन हो, अश

लुधियाना का सबसे बड़ा एलिवेटेड रोड आज हुआ शुरू, 756 करोड़ की आई लागत

ब्रेकिंग न्यूज - लुधियाना के कपड़ा कारोबारी के घर इनकम टैक्स की रेड, रियल एस्टेट

पंजाब के 4 हाईवे अनिश्चितकाल के लिए बंद: किसान बोले- लिफ्टिंग शुरू होने तक नहीं


Copyright E News Punjab | 2023