लुधियाना। लुधियाना के मोंटी कारलो में ऑनलाइन ऑर्डर के नाम पर ठगी मारने का मामला सामने आया है। जिसमें कंपनी के ही मुलाजिम, एक महिला और एक मेडिकल स्टोर मालिक शामिल था। आरोपियों द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर कम लिखवाया जाता था, जबकि पैकिंग में ज्यादा गारमेंट डालकर भेज दिए जाते थे। थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने राजगुरु नगर के नितिश पाठक, बीआरएस नगर की हीना और राजगुरु नगर के बेदी मेडिकोज मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक आरोपी नितिश पाठक कंपनी में ऑनलाइन ऑर्डर पैकिंग करने का काम करता था। दूसरे आरोपी हीना और बेदी मेडिकोज के मालिक द्वारा एक एक गारमेंट ऑर्डर किया गया था। लेकिन आरोपी द्वारा किसी में 16 तो किसी में 12 गारमेंट डालकर डिलिवरी करवाई गई। लेकिन जब शक होने पर जांच हुई तो ठगी का पता चला। कंपनी का आरोप है कि पिछले लंबे समय से इसी तरह कंपनी में गारमेंट पीस कम हो रहे थे। जिसके चलते आशंका है कि आरोपी द्वारा पहले भी इसी तरह ठगी की जा रही थी।