चंडीगढ़। चंडीगढ़ के 26 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसमें प्राइवेट और सरकारी दोनों स्कूल शामिल हैं। धमकी मिलने के बाद ज्यादातर सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है। बच्चों को वापस घर भेज दिया गया। मौके पर चंडीगढ़ पुलिस की एसएसपी कंवरदीप कौर, बम स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पहुंची हैं। स्कूल परिसरों की तलाशी ली जा रही है। एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि 12 बजे तक 26 स्कूलों को धमकी मिली है, जिसमें से 10 स्कूल पूरी तरह चेक कर लिए हैं। कहीं कुछ नहीं मिला है। स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के जरिए भेजी गई है। जिसके बाद स्कूलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच की जा रही है कि ई-मेल कहां से आई और किसने भेजी। पुलिस स्टेशन 17 में केस दर्ज कर लिया गया है।
स्कूल शांति बनाए रखें, अफवाह न फैलाएं
धमकी के बाद चंडीगढ़ के शिक्षा विभाग ने कहा कि सभी स्कूलों से कहा जाता है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की बेवजह अफवाह या डर न फैलाएं। अगर किसी स्कूल को कोई धमकी वाला ई-मेल या मैसेज मिलता है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि नियमों के मुताबिक जरूरी कार्रवाई हो सके। स्कूलों को बिना पक्की और सही जानकारी के छुट्टी न करने की सलाह दी जाती है। इससे बच्चों, माता-पिता और आम लोगों में बेवजह डर और गलतफहमी फैल सकती है। सभी स्कूल सामान्य रूप से पढ़ाई जारी रखें और सतर्क रहें।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)