पंजाब। पंजाब के मोगा जिले के बाघा पुराना में एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। इसमें एक ब्लॉक एजुकेशन प्राइमरी अफसर देवी प्रसाद अपने दफ्तर में पत्नी के साथ डांस करने नजर आ रहे है। मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। इसके बाद देवी प्रसाद को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस के आदेश पर शिक्षा विभाग की सचिव अनिंदिता मित्रा ने आदेश जारी किए हैं। मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि शिक्षा प्रणाली में लापरवाही, अनुशासनहीनता या अनैतिक काम के लिए कोई जगह नहीं है। नियम तोड़ने या ड्यूटी में लापरवाही करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार, छात्रों और स्टाफ के हित में स्कूल प्रशासन में अनुशासन और ऊंचे नैतिक मूल्यों को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
अधिकारी बोले सालगिरह थी
आरोपी अधिकारी का कहना है कि वह मूल रूप से फिरोजपुर के रहने वाले हैं। उनकी शादी की सालगिरह थी। पत्नी आई हुई थी। ड्यूटी के समय के बाद उन्होंने सालगिरह मनाई थी। किसी ने मेरी उनकी वीडियो वायरल की है। यह गलत किया है। मैं इसके खिलाफ पुलिस में शिकायत करूंगा। जानकारी के मुताबिक एक मिनट तीन सेकेंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताया जा रहा है कि संबंधित अधिकारी के दफ्तर का ही यह वीडियो है। इसमें जो महिला है, वह उनकी पत्नी है। इस वीडियो में गाना चल रहा है तुम रूठी रहो और मैं मनाती रहूं। लोगों का आरोप है कि शिक्षा विभाग के संस्थानों के अधिकारी इस तरह के डांस करेंगे तो आम लोगों का क्या होगा। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद जिला स्तर के अधिकारी कुछ भी बोलने से बचते रहे। लेकिन देर शाम शिक्षा मंत्री के आदेश पर अधिकारी पर कार्रवाई हुई है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)