पंजाब। बठिंडा में शुक्रवार को प्राइवेट कंपनी की बस (PB 11 DB- 6631) अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई। जिसमें ड्राइवर समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 से ज्यादा लोग घायल हैं। ड्राइवर की पहचान मानसा के रहने वाले बलकार सिंह के रूप में हुई है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा जीवन सिंह वाला गांव के पास हुआ। बस सरदूलगढ़ से बठिंडा की तरफ जा रही थी। बस में करीब 50 लोग सवार थे। हादसे की सूचना पाकर प्रशासन और NDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। SSP अमनीत कौंडल ने कहा कि प्राथमिक जांच में हादसे के कारण क्लियर नहीं हो पाए हैं। आसपास के लोगों ने पुलिस की बहुत मदद की। अभी जांच चल रही है, उसके बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
बस में 50 लोग सवार थे
पुलिस के मुताबिक गुरु काशी ट्रांसपोर्ट की बस लोगों को लेकर बठिंडा की तरफ जा रही थी। जीवन सिंह वाला गांव के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर नाले में पलट गई। इसके बाद बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को भी इसकी सूचना दी। बठिंडा के DC शौकत अहमद परे और SSP अमनीत कौंडल भी मौके पर पहुंच गईं। आसपास के ग्रामीण सीढ़ियां लेकर मौके पर पहुंचे। सीढ़ी के लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एम्बुलेंस से उन्हें तलवंडी साबो अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने इलाज के बाद कुछ लोगों को सिविल अस्पताल में रेफर कर दिया। बस को क्रेन की मदद से नाले से बाहर निकाल लिया गया है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)