जगराओं। गांव अकालगढ़ कलां में महिला द्वारा अपने बेटे को नशे के लिए रुपए ना देने से नाराज युवक ने अपने घर में ही आग लगा दी। इतना ही नहीं नशे के आदी युवक ने आत्महत्या का प्रयास भी किया। घर में आग लगाए जाने का पता चलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बड़ी मुश्किल से युवक को घर से बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। आग लगने से फ्रीज, एसी, एलईडी सहित अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। घटना मंगलवार की देर रात की है। बताया जाता है कि, गांव निवासी युवक धमेंदर ने नशा खरीदने के लिए अपनी मां राजवंत कौर से 1300 रुपए मांगे थे। मां के मना करने पर युवक गुस्से में आ गया और घर को आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही सुधार थाना प्रभारी जसविंदर सिंह, एसआई कर्मजीत सिंह और सेवा सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे।
लोगों को घर के अंदर दाखिल नहीं होने दिया
पुलिस ने घर के अंदर फंसी युवक की मां राजवंत कौर को निकालने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी लोगों को घर के अंदर दाखिल होने नहीं दे रहा था। इसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग और पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची दकमल विभाग की कई गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर का सारा सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
ईंट-पत्थरों से किया हमला
आरोपी युवक घर के अंदर ईंट-पत्थर लेकर बैठ गया। जैसे ही पुलिस और स्थानीय लोग आग बुझाने पहुंचे तो आरोपी ने उन पर पथराव कर दिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी पुलिस को आत्मदाह की धमकी दे रहा था। पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बड़ी मुश्किल से आरोपी को हिरासत में लिया।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)