पंजाब। पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी कलह अब पूरी तरह खुल चुकी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और गुरदासपुर से मौजूदा सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने अपनी ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा के खिलाफ सीधे मोर्चा खोल दिया है। एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में रंधावा ने राजा वड़िंग पर वरिष्ठ नेताओं को नजरअंदाज करने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा- वड़िंग को मैं अपना छोटा भाई और लीडर मानता हूं, लेकिन वह सार्वजनिक मंचों से मुझे अपमानित कर देते हैं। इसके अलावा उन्होंने कादियां में प्रताप सिंह बाजवा के साथ हुई पुलिस बदसलूकी को बाजवा के अहंकार और गलतफहमी का नतीजा करार दिया। उन्होंने कहा- बाजवा अगर हमें भी साथ ले लेते तो पुलिस वाले आगे-आगे दौड़ते। बदसलूकी करने की हिम्मत ही नहीं होती। रंधावा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी पंजाब में प्राइमरी डेमोक्रेसी को खत्म करने और गैंगस्टरों को संरक्षण देने के आरोप लगाए।
राजा वड़िंग छोटा भाई, लेकिन मंचों पर जलील करता है
पार्टी के भीतर मचे घमासान पर सांसद रंधावा ने कहा कि कांग्रेस में कोई विभाजन नहीं, केवल वैचारिक मतभेद हैं। हालांकि, उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग की कार्यशैली पर सवाल उठाए। रंधावा ने खुलासा किया- जब वड़िंग प्रधान बने, तो मैंने दिल्ली से उन्हें बधाई संदेश भेजा, लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। वे मेरे छोटे भाई जैसे हैं और मैंने हमेशा उन्हें अपना लीडर माना है, लेकिन कई बार वह मंचों पर ऐसे मजाक कर देते हैं, जिससे मैं बेहद अपमानित महसूस करता हूं।
पार्टी बचाने के लिए ईगो छोड़ो
रंधावा ने कहा कि मौजूदा दौर में ज्ञानी जैल सिंह या सरदार दरबारा सिंह जैसी निरंकुश राजनीति नहीं चल सकती। पार्टी को बचाने के लिए नेतृत्व को अपनी ईगो छोड़नी होगी। उन्होंने उदाहरण दिया कि पार्टी हित के लिए वह खुद अपनी पुरानी दुश्मनी भुलाकर वरिष्ठ नेता राणा गुरजीत सिंह के घर गए थे, क्योंकि इस समय विजिलेंस और ईडी कांग्रेसियों के पीछे पड़ी है।
गैंगस्टर और ड्रग्स के खिलाफ अमित शाह से मिला:
राजा वड़िंग की ओर से भाजपा नेताओं के साथ समझौता करने के लगाए आरोपों पर रंधावा ने कहा- मेरे इलाके डेरा बाबा नानक, कलानौर, दीनानगर में पाकिस्तान से सीधे ड्रोन, असलहा और हैंड ग्रेनेड आ रहे हैं। मेरे एक वर्कर को जेल में बंद गैंगस्टर ने फोन कर बेटे की शादी से पहले 50 लाख की फिरौती मांगी और न देने पर गोली मारने की धमकी दी। जब लोग मेरे पास आंखों में आंसू लेकर आते हैं, तो मैं न्याय के लिए क्या डोनाल्ड ट्रंप के पास जाऊंगा? मुझे देश के गृहमंत्री के पास ही जाना पड़ेगा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)