November 27, 2026 20:35:47

लुधियाना पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले के मामले में हाईकोर्ट सख्त, आरोपी को जमानत नहीं, आईएसआई से जुड़े हैंडलर के इशारे पर की वारदात

Nov26,2026 | Enews Team | Chandigarh

चंडीगढ़। लुधियाना की पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमला करवाने की साजिश रचने के आरोपी को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। दुबई में रहने वाले उत्तर प्रदेश के इस व्यक्ति की नियमित जमानत याचिका हाईकोर्ट ने खारिज कर दी है। आरोपी पर पाकिस्तान में बैठे आईएसआई से जुड़े हैंडलर के इशारे पर पंजाब में सरकारी ठिकानों को निशाना बनाने की साजिश रचने का आरोप है। जस्टिस शालिनी सिंह नागपाल की पीठ ने कहा कि इस तरह के अपराध देश की सुरक्षा और संप्रभुता को निशाना बनाते हैं। अदालत ने माना कि आरोपी के जमानत पर बाहर आने के बाद फरार होने और दोबारा राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने की आशंका के पीछे ठोस आधार हैं। जांच एजेंसी ने प्रथम दृष्टया आरोपी की संलिप्तता दिखाने के लिए पर्याप्त सामग्री जुटाई है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 1 अप्रैल 2025 को अमृतसर के स्टेट ऑपरेशन सेल में इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी पाकिस्तान की आईएसआई के इशारे पर पंजाब और दूसरे राज्यों में सरकारी ठिकानों पर आतंकी हमले करवाने की साजिश रच रहा है। इसी दिन आरोपी के चचेरे भाई को अमृतसर के पास एक किट बैग में हैंड ग्रेनेड के साथ पकड़ा गया था। आरोप है कि उसने पूछताछ में बताया कि ग्रेनेड आरोपी के कहने पर उठाया था। इसके जरिए लुधियाना की बस्ती जोधेवाल पुलिस चौकी पर हमला करना था। इसके लिए उसे 50 हजार रुपए देने की बात हुई थी।

सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्क का आरोप
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पंजाब पुलिस की ओर से जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर मुंबई एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि उसने पूछताछ में बताया कि पाकिस्तान में बैठा मलिक नाम का व्यक्ति सोशल मीडिया के जरिए उसके संपर्क में आया था। वह आईएसआई के इशारे पर काम कर रहा था और उसने हमले की व्यवस्था करने को कहा था। इसके बाद आरोपी ने अपने चचेरे भाई को इस साजिश में शामिल किया और उसे हैंड ग्रेनेड इस्तेमाल करने का तरीका समझाने के लिए यूट्यूब वीडियो भी भेजा। जांच में चचेरे भाई के मोबाइल फोन में आरोपी के साथ लगातार संपर्क के सबूत मिले। फोन में हैंड ग्रेनेड की तस्वीरें, उसे चलाने की ट्रेनिंग से जुड़े वीडियो और आरोपी के वॉयस मैसेज भी मिले। चचेरे भाई ने अमृतसर में उस जगह की लोकेशन भी आरोपी को भेजी थी, जहां से उसने ग्रेनेड उठाया था।

बचाव पक्ष ने कहा, आरोपी से कोई बरामदगी नहीं
आरोपी के वकील ने अदालत में दलील दी कि उसे सह-आरोपी के बयान के आधार पर झूठा फंसाया गया है। उसके पास से कोई आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ। वह घटना के समय भारत से बाहर था। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि आरोपी का बयान पंजाबी में दर्ज किया गया, जबकि वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और पंजाबी भाषा नहीं समझता। इससे बयान की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं। वहीं, पंजाब सरकार ने जमानत का विरोध करते हुए कहा कि आरोपी सह-आरोपी के साथ लगातार फोन पर संपर्क में था। उसने उसे ग्रेनेड चलाने की ट्रेनिंग दी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल था।

एक साल से अधिक समय से जेल में बंद
अदालत ने माना कि आरोपी 24 अगस्त 2025 से न्यायिक हिरासत में है, लेकिन केवल हिरासत की अवधि जमानत देने का आधार नहीं हो सकती। जमानत पर फैसला लेते समय अपराध की गंभीरता, जुटाए गए सबूत, आरोपी की स्थिति और फरार होने या सबूतों से छेड़छाड़ की आशंका जैसे पहलुओं को देखना जरूरी है। इन तथ्यों और आरोपों की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने जमानत देने का आधार नहीं पाया और याचिका खारिज कर दी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि आदेश में की गई टिप्पणियों को मुकदमे के अंतिम फैसले पर राय नहीं माना जाएगा।

High-Court-Takes-A-Stern-Stance-In-The-Ludhiana-Police-Post-Grenade-Attack-Case-Denies-Bail-To-The-Accused-Who-Carried-Out-The-Act-At-The-Behest-Of-An-Isi-Linked-Handler




WebHead

Trending News

पीएम मोदी 27 जुलाई को नहीं करेगें हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, केंद्र स

2027 चुनाव को लेकर पंजाब बीजेपी में मतभेद, जाखड़ बोले- अकाली दल से गठबंधन हो, अश

लुधियाना का सबसे बड़ा एलिवेटेड रोड आज हुआ शुरू, 756 करोड़ की आई लागत

ब्रेकिंग न्यूज - लुधियाना के कपड़ा कारोबारी के घर इनकम टैक्स की रेड, रियल एस्टेट

पंजाब के 4 हाईवे अनिश्चितकाल के लिए बंद: किसान बोले- लिफ्टिंग शुरू होने तक नहीं


Copyright E News Punjab | 2023