नई दिल्ली। ईरान के बुशहर में शनिवार को न्यूक्लियर पावर प्लांट के पास हमला हुआ है। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लांट के पास एक प्रोजेक्टाइल गिरा, जिससे एक सुरक्षा कर्मी की जान चली गई। वहीं इजराइल ने ईरान के दक्षिणी खुजेस्तान प्रांत में महशहर पेट्रोकेमिकल स्पेशल इकोनॉमिक जोन पर हमला किया है। फार्स न्यूज एजेंसी के अनुसार, इस इलाके में कई विस्फोट हुए, जिसके बाद घटनास्थल से धुआं उठता हुआ देखा गया। इजराइल के सुरक्षा सूत्रों ने भी पुष्टि की है कि ये हमले उसकी वायुसेना ने किए हैं। इस हमले में तीन कंपनियों को निशाना बनाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, हमलों में पांच लोग घायल हुए हैं। ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका के दो लड़ाकू विमान गिराने का दावा किया है। इनमें एक F-35 फाइटर जेट और दूसरा A-10 अटैक एयरक्राफ्ट है। हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गिरने वाला पहला फाइटर जेट F-35 नहीं बल्कि F-15E है। वहीं, ट्रम्प ने कहा है कि ईरान में अमेरिकी फाइटर जेट गिराए जाने की घटना से दोनों देशों के बीच बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। ट्रम्प ने कहा, "हम युद्ध में हैं।" उन्होंने यह बात अमेरिकी मीडिया NBC से एक फोन इंटरव्यू में कही।
ईरान में अमेरिकी पायलट को पकड़ने पर ₹55 लाख का इनाम
ईरान ने अमेरिकी फाइटर जेट के पायलट को पकड़ने पर 10 बिलियन ईरानी तोमान (लगभग 55 लाख रुपए) के इनाम का ऐलान किया है। ईरान के सरकारी मीडिया IRIB के एक एंकर ने नागरिकों से अपील की है कि वे अमेरिकी पायलट को जिंदा पकड़कर सरकारी अधिकारी या सेना को सौंपे।
ईरान बोला- पड़ोसी देशों से सीधे बातचीत को तैयार
ईरान ने कहा है कि वह पड़ोसी देशों के साथ सीधे कूटनीतिक बातचीत के लिए तैयार है। संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने कहा कि क्षेत्र की सुरक्षा बनाए रखने के लिए पड़ोसी देशों के बीच सहयोग जरूरी है। गालिबाफ ने कहा कि ईरान इस संघर्ष के लिए पूरी तरह तैयार है और उसने अपनी रक्षा क्षमता साबित की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा युद्ध इजराइल की वजह से शुरू हुआ। इसका असर पूरे क्षेत्र और दुनिया पर पड़ा है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अपनी मौजूदगी और हितों की रक्षा के लिए क्षेत्र में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तनाव और बढ़ाया गया, तो अमेरिका के हितों पर “निर्णायक और व्यापक” जवाब दिया जाएगा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)