पंजाब। पंजाब सरकार के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल के साथ अपनी कथित कॉल रिकॉर्डिंग शेयर करने वाले मुकेरियां के कारोबारी मलकीत सिंह की अब बेटियां भी सामने आई हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी कर बताया कि मंत्री और विधायक के साथ विवाद के चलते उनकी स्कूल जाना बंद हो गया है। बच्चियों ने पंजाब CM भगवंत मान से अपील करते हुए वीडियो में कहा- हमारा क्या कसूर है, जो हम स्कूल नहीं जा पा रहे? परिवार स्कूल नहीं भेज रहा, जिससे पढ़ाई छूट गई है। परिवार कहता है कि स्कूल नहीं जाना। कोई किडनैप कर लेगा। बच्चियों ने CM मान से कहा कि उन्हें उनके ही गांव में पैदा हुआ आपका मंत्री धमका रहा है। अगर हमें कुछ हो जाता है तो इसके जिम्मेदार आपके मंत्री और विधायक ही होंगे। कारोबारी के आरोपों पर मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने भी सफाई दी है। उन्होंने कहा- कारोबारी अपने बच्चों की सौगंध खाकर कहे कि मैंने इससे ट्रॉली ली थी। इसका सारा गांव इसके खिलाफ है। मेरे पास इनका कोई पैसा बकाया नहीं है। मुझ पर लगाए सारे इल्जाम झूठे हैं।
कारोबारी ने लगाए गंभीर आरोप
बता दें कि शुक्रवार (10 अप्रैल) को कारोबारी ने एक कॉल रिकॉर्डिंग जारी कर मंत्री और विधायक पर इल्जाम लगाया था कि मंत्री ने उनसे एक ट्रॉली खरीदी, लेकिन उसके 6 लाख रुपए नहीं दिए। वह पेमेंट मांगने गया तो मंत्री ने कहा कि इतना तो मेरा कमीशन है। मंत्री ने उसकी फैक्ट्री में हिस्सा मांगा। उधर, मुकेरियां के हयातपुर में ट्रॉली बनाने की फैक्ट्री में कांग्रेस के वरिष्ठि नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा भी पहुंचे। बाजवा ने दोनों कारोबारी भाइयों से मुलाकात की और आश्वासन दिया कि पार्टी उनके साथ है। बाजवा ने कहा कि आज हालात इस कदर खराब हो चुके हैं कि मंत्री ट्रॉलियां मांग रहे हैं। मैं इस मुद्दे को उठाउंगा और दोनों विधायकों और मंत्री के इस्तीफे की मांग करूंगा।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)