पंजाब। राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा ने प्रतिक्रिया देते हुए वीडियो जारी किया था। इसके बाद से वह AAP नेताओं के निशाने पर हैं। पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने राघव चड्ढा को कंप्रोमाइज्ड और धोखेबाज कहा। उधर, सांसद राघव चड्ढा ने दूसरा वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने कहा कि कल से मेरे खिलाफ एक सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। एक ही भाषा, एक ही शब्द और एक जैसे आरोप लगाए जा रहे हैं। यह कोई संयोग नहीं, बल्कि एक समन्वित हमला है। शुरुआत में मैंने सोचा कि मुझे जवाब नहीं देना चाहिए, लेकिन फिर लगा कि अगर किसी झूठ को 100 बार दोहराया जाए तो कुछ लोग उसे सच मान सकते हैं। इसलिए मैंने जवाब देने का फैसला किया। आम आदमी पार्टी ने मुझ पर तीन आरोप लगाए और कहा कि इनकी वजह से मुझे संसद में बोलने का मौका नहीं दिया जाएगा। पहला आरोप यह है कि जब विपक्ष संसद से वॉकआउट करता है, तो मैं अपनी सीट पर बैठा रहता हूं। यह बिल्कुल झूठ है। मैं संसद में शोर मचाने, चिल्लाने, माइक तोड़ने या गाली देने नहीं जाता, बल्कि जनता के मुद्दे उठाने के लिए जाता हूं।
पंजाब के एमएलए ने चुनकर राज्यसभा सदस्य बनाया
वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि राघव चड्ढा को पंजाब के एमएलए ने चुनकर राज्यसभा सदस्य बनाया, लेकिन उन्होंने पंजाब का एक भी मुद्दा राज्य सभा में नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि वो पंजाब के मुद्दों को उठाने से गुरेज करते रहे। उन्होंने कहा कि राज्य के एमएलए व आम आदमी पार्टी पंजाब ने उन्हें कहा था कि केंद्र सरकार ने पंजाब के आरडीएफ के 8500 करोड़ रुपए रोके हैं। इसके अलावा जीएसटी लागू होने से पंजाब को 60 हजार करोड़ का नुकसान हुआ है। वहीं जीएसटी 2 आने से राज्य को हर साल 5-6 हजार करोड़ का हर साल नुकसान हो रहा है।उन्होंने कहा कि उनसे अपील की गई थी कि इन मुद्दों को राज्य सभा में उठाया जाए। लेकिन एक भी मुद्दा उन्होंने नहीं उठाया। यही नहीं पंजाब में जब बाढ़ आई तो भारी नुकसान हुआ। राघव चड्ढा पंजाब के लोगों के साथ नहीं दिखे।
कहने पर भी राज्यसभा में मुद्दा नहीं उठाया
चीमा ने कहा कि प्रधानमंत्री पंजाब आए और 1600 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उसमें से भी एक पैसा पंजाब के खजाने में नहीं आया। राघव चड्ढा को इस संबंध में राज्यसभा में मुद्दा उठाने को कहा, लेकिन उन्होंने वो भी नहीं किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने उन्हें चुनकर भेजा था। एक भी मुद्दा प्रधानमंत्री के सामने नहीं उठाया। जिससे साफ है कि उन्होंने कोई कंप्रोमाइज किया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आम घरों के युवाओं को लेकर चल रही है। सभी पार्टी व केजरीवाल के साथ खड़े हैं। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी व पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)