डेस्क, लुधियाना
लुधियाना के सिविल अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था की पोल एक बार फिर खुल गई है। शुक्रवार दोपहर को केंद्रीय जेल से इलाज के लिए लाया गया एक कैदी पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस में अफरा-तफरी का माहौल है। जानकारी के मुताबिक फरार कैदी की पहचान सतपाल सिंह के रूप में हुई है। वह लुधियाना की केंद्रीय जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि सतपाल सिंह ने बवासीर (Piles) की तकलीफ होने की शिकायत की थी जिसके बाद जेल प्रशासन ने उसे मेडिकल चेकअप और दवाई दिलाने के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच सिविल अस्पताल भेजा था। सूत्रों के अनुसार उस पर चोरी के मामले दर्ज हैं डॉक्टरों से इलाज लेने और दवाई लेने की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद कैदी ने मौका पाकर वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को चकमा दिया और भीड़ का फायदा उठाते हुए रफूचक्कर हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अस्पताल के आसपास के इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि कैदी के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सतपाल सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में छापेमारी जारी है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)