पंजाब। लुधियाना के नामी सतलुज क्लब में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्लब के कुछ सदस्यों ने डीसी को लिखित शिकायत देकर क्लब परिसर में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर सवाल उठाए हैं। मेंबर्स का कहना है कि सतलुज क्लब के नियमों के अनुसार यहां किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि आयोजित नहीं की जा सकती। दरअसल, 28 जून (रविवार) को एक भाजपा नेता ने सतलुज क्लब में प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम के प्रसारण का आयोजन करवाया था। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे। क्लब के सदस्यों का आरोप है कि यह कार्यक्रम पूरी तरह राजनीतिक था, जबकि क्लब के संविधान के अनुसार परिसर में किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि आयोजित नहीं की जा सकती। वहीं, भाजपा नेता का कहना है कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि प्रधानमंत्री के 'मन की बात' कार्यक्रम का प्रसारण था, जिसे पीएमओ की ओर से आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि इसके लिए उन्होंने क्लब में बुकिंग करवाई थी और निर्धारित भुगतान भी किया था। क्लब के सदस्यों का दावा है कि इस कार्यक्रम के लिए क्लब अध्यक्ष-सह-डीसी हिमांशु जैन से कोई अग्रिम अनुमति नहीं ली गई थी। वहीं, डीसी हिमांशु जैन ने मामले में शिकायत मिलने की पुष्टि की है, जिसकी एडीसी जांच करेंगे।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)