ओडिशा। ओडिशा के बालासोर में शुक्रवार शाम हुए ट्रेन हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 261 हो गई है। न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी। एक्सीडेंट में 900 से ज्यादा यात्री घायल हुए है। रेलवे के मुताबिक 650 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। हादसा बालासोर के बहानगा बाजार स्टेशन के पास शुक्रवार शाम करीब 7 बजे हुआ। PM नरेंद्र मोदी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। सुबह उन्होंने हालात की समीक्षा की। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि बहानगा बाजार स्टेशन के पास आउटर लाइन पर एक मालगाड़ी खड़ी थी। हावड़ा से चेन्नई जा रही कोरोमंडल एक्सप्रेस यहां पटरी से उतर गई। तेज रफ्तार कोरोमंडल एक्सप्रेस का इंजन मालगाड़ी पर चढ़ गया। ट्रेन की बोगियां तीसरे ट्रैक पर जा गिरीं। कुछ देर बाद इसी ट्रैक पर आ रही हावड़ा-बेंगलुरु दुरंतो ने कोरोमंडल एक्सप्रेस की बोगियों को टक्कर मार दी। हादसे के 20 घंटे बाद भी वजह का पता नहीं शुक्रवार शाम को करीब 8 बजे ओडिशा के बालासोर में एक ट्रेन के पटरी से उतरने की खबर आई। इसके बाद दूसरी ट्रेन के डिरेल होने की बात पता चली। रात में करीब 10 बजे साफ हुआ कि दो यात्री गाड़ियां और एक मालगाड़ी टकराई हैं। शुरुआत में 30 लोगों के मारे जाने की जानकारी थी, लेकिन देर रात यह आंकड़ा 200 के पार पहुंच गया। हादसे के 20 घंटे बाद यानी शनिवार दोपहर 2 बजे तक रेल मंत्री या रेलवे मिनिस्ट्री की तरफ से हादसे की वजहों पर कुछ नहीं कहा गया। मंत्री से लेकर अफसर तक ने केवल जांच कराने का बयान दिया। इधर, ट्रैक बंद हो जाने की वजह से इस रूट की 48 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं, 39 को डायवर्ट और 10 को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। प्रधानमंत्री बालासोर जाएंगे, घायलों से मिलेंगे पीएम नरेंद्र मोदी कुछ देर में घटनास्थल का दौरा करेंगे। वे बालासोर रवाना हो गए हैं। प्रधानमंत्री अस्पताल में घायलों से भी मिलेंगे। इससे पहले उन्होंने रेल हादसे की समीक्षा के लिए हाई लेवल मीटिंग भी बुलाई थी। प्रधानमंत्री के अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सुबह बालासोर पहुंचे थे और उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दिए। इधर, ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने बालासोर के अस्पताल का दौरा किया। राज्य सरकार ने एक दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी बालासोर पहुंच गई हैं। वहीं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने ओडिशा के मुख्यमंत्री से बात की है। तमिलनाडु के मंत्री उधयनिधि स्टालिन, शिव शंकर और ए महेश ओडिशा जा रहे हैं।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)