लुधियाना। जगराओं में लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पर अचानक खराब होकर खड़े एक टाटा 709 ट्रक से पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। जानकारी के मुताबिक, टाटा 709 ट्रक मुल्लांपुर से लुधियाना की ओर जा रहा था कि अचानक उसका टायर निकल गया। चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को सड़क के किनारे लगाने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक से जा भिड़ी। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने इसकी सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स को दी और स्थानीय निवासियों की मदद से घायल व्यक्ति को तत्काल पास के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लुधियाना के मेडिसिटी अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही एसएसएफ टीम के अधिकारी गुरप्रीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तुरंत दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
आपसी सहमति से सुलझा मामला, दाखा पुलिस को सौंपी गई रिपोर्ट
एसएसएफ अधिकारियों ने बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों द्वारा घायल को अस्पताल पहुंचा दिया गया था। पुलिस टीम ने हाईवे पर लगे जाम को खुलवाकर यातायात सामान्य किया। बाद में घटना से जुड़े दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया। फिलहाल, हादसे की पूरी रिपोर्ट आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना दाखा पुलिस को सौंप दी गई है।