यशपाल शर्मा, लुधियाना
पंजाब में रियल एस्टेट, बेनामी जमीन सौदों और सरकारी मंजूरियों से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा और बढ़ा दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी अब गमाडा (GMADA) के अधिकारियों, बिल्डरों, प्रॉपर्टी कारोबारियों और राजनीतिक संपर्कों की कड़ियों को खंगाल रही है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी ने गमाडा से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी समेत करीब आधा दर्जन लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स, लाइसेंसिंग, सरकारी मंजूरियों और निवेश के नाम पर किस तरह वित्तीय लेनदेन किए गए।
गमाडा के CTP की भूमिका पर उठे सवाल
रिपोर्ट्स के अनुसार, जांच के दौरान गमाडा के एक चीफ टाउन प्लानर (CTP) की भूमिका भी एजेंसी के रडार पर है। ईडी कथित तौर पर यह जांच कर रही है कि नियमों को दरकिनार कर कई कमर्शियल और रेजिडेंशियल बिल्डिंग्स को मंजूरियां कैसे दी गईं।
बताया जा रहा है कि कुछ मामलों में सरकारी रिकॉर्ड में हेरफेर कर संपत्तियों की रजिस्ट्रियां तीसरे व्यक्तियों के नाम करवाई गईं। एजेंसी अब इन सौदों में कथित कैश ट्रांजैक्शन और निवेश के स्रोतों की भी जांच कर रही है।
कई तहसीलों का रिकॉर्ड खंगाल रही जांच एजेंसी
सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीमें अब मुल्लांपुर, जगराओं, मलौद और लुधियाना की अलग-अलग सब-रजिस्ट्रार (तहसील) कार्यालयों का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। एजेंसी प्रॉपर्टी डीलरों, बिल्डरों और अधिकारियों के साथ-साथ उनके रिश्तेदारों एवं करीबियों के बैंक खातों और संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
जांच में यह भी सामने आने की आशंका जताई जा रही है कि कई जगह अधिकारियों और उनके रिश्तेदारों के नाम पर कंपनियां बनाकर कथित तौर पर काले धन को सफेद किया गया।
बड़े खुलासों और एक्शन की संभावना
चंडीगढ़ और मोहाली के प्रशासनिक हलकों में चर्चा है कि आने वाले दिनों में ईडी कुछ बड़े एक्शन ले सकती है। सूत्रों का दावा है कि एजेंसी दस्तावेजों, प्रॉपर्टी रिकॉर्ड और बयानों के आधार पर आगे गिरफ्तारी या अन्य सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी उन मामलों की भी पड़ताल कर रही है, जिनमें बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिलने या निर्माण कार्य पूरा होने के बाद भारी वित्तीय लाभ पहुंचाया गया।
फिलहाल, ईडी की कार्रवाई को लेकर पंजाब के रियल एस्टेट और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।
Ed-Intensifies-Investigation-Into-Builder-officer-political-Nexus-Scrutinizing-Tehsil-Records
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)