लुधियाना। चंद्र नगर इलाके के अंतर्गत आते हरगोबिंद नगर में एक मामूली सड़क हादसे ने भयंकर विवाद का रूप ले लिया। एक क्रेटा कार और ई-रिक्शा के बीच हुई मामूली टक्कर के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और नौबत ईंट-पत्थर चलने तक आ गई। क्रेटा के ड्राइवर को पीटने के लिए कुछ लोग उसके पीछे पड़ गए। खुद का बचाव करने के लिए जब ड्राइवर ने गाड़ी भगाई तो एक व्यक्ति कार के बोनट पर लटक गया जिसे ड्राइवर काफी दूर तक घसीट कर ले गया। कुछ दूरी पर जब कार रुकी तो लोगों ने जमकर क्रेटा कार की तोड़फोड़ की। गाड़ी तोने की वीडियो भी सामने आई है। लोगों की भीड़ ने ड्राइवर को घेर लिया और जमकर तोड़फोड़ की। जानकारी के मुताबिक क्रेटा कार में एक परिवार सवार था जबकि ई-रिक्शा में चालक और एक सवारी मौजूद थी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई जो जल्द ही हिंसक झड़प और मारपीट में बदल गई। कार सवार व्यक्ति की पत्नी ने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों ने उसके पति व बच्चों को गाड़ी में घेर लिया। यदि वह खुद अपने बच्चों और पति को बचाने के लिए आगे ना आती तो आज उसके पति और बच्चों की जान चली जाती। घटना स्थल पर लोगों ने जमकर गुंडागर्दी की है। घटन स्थल पर 2 घंटे तक पुलिस नहीं आई।