नेपाली कुक लाखों के गहने-सामान लेकर फरार:बेटे से मिलने इंग्लैंड गए थे दंपत्ति, लौटे तो बंद मिला दरवाजा, तोड़कर अंदर गए तो बिखरा मिला सामान
Oct25,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना | पॉश इलाके किचलू नगर में एक दंपति की विदेश यात्रा के दौरान उनके घर पर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। दंपति अपने बेटे से मिलने इंग्लैंड गए हुए थे। इसी दौरान पिछले 6 महीने से उनके घर पर काम कर रहा नेपाली कुक घर से 50 हजार कैश, सोने-चांदी के गहने और महंगी घड़ियां चोरी करके फरार हो गया। वापस लौटने पर जब परिवार ने ताला तुड़वा कर अंदर देखा तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता विपन चंद्र डाबर ने बताया कि वह पत्नी के साथ रहते हैं। 16 अक्टूबर को वह और उनकी पत्नी अपने बेटे से मिलने इंग्लैंड गए थे। उनकी वापसी 22 अक्टूबर को तय थी। बताया कि उनकी गैर-हाजिरी में उनका ड्राइवर रोजाना उनके घर आकर चेक करता था। 21 अक्टूबर तक सब कुछ सामान्य था और ड्राइवर ने रिपोर्ट दी थी कि घर में सब ठीक है।
डॉक्टर ने बताया कि जब वह 22 अक्टूबर को वापस अपने घर पहुंचे तो मेन दरवाजा बंद था। जब उन्होंने दरवाजे का ताला तुड़वा कर अंदर प्रवेश किया तो देखा कि घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरी की इस घटना को लाइट बंद करके अंजाम दिया गया था।
परिवार ने करीब 6 महीने पहले ही राजन नाम के इस नेपाली युवक को बतौर कुक काम पर रखा था। वह उनके घर पर ही ऊपर बने एक कमरे में रहता था। उसने परिवार के बाहर होने का फायदा उठाया और 21-22 अक्टूबर की दरमियानी रात को चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
थाना पीएयू की पुलिस को दी गई शिकायत और चोरी की डिटेल्स में आरोपी राजन ने घर की अलमारी से लगभग 50,000 रुपये नकद (कैश) चोरी किए हैं। इसके अलावा, अलग-अलग ब्रांड की 10 रिस्ट वॉच, एक पॉकेट वॉच (चेन के साथ), करीब 5 तोले सोने के गहने, 100 ग्राम चांदी की ज्वेलरी, 7 चांदी के सिक्के और एक डायमंड की बालियों का सेट चोरी करके फरार हो गया है।
थाना पीएयू में आरोपी राजन निवासी गांव सलडा,जिला डोटी नेपाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सब-इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह इस मामले की तफ्तीश कर रहे हैं। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी है ताकि चोरी किया गया सामान बरामद किया जा सके।
Nepali-Cook-Flees-With-Jewelry-And-Belongings-Worth-Lakhs-Couple-Had-Gone-To-England-To-Visit-Their-Son-But-Upon-Returning-Found-The-Door-Locked-After-Breaking-It-Open-They-Discovered-Their-Belongings-Scattered-Everywhere