युवक की संदिग्ध हालात में मौत:नशे की ओवरडोज की चर्चा, पुलिस बोली- साइलेंट अटैक, परिजनों ने नहीं की शिकायत
Oct25,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना | जिले के अधीन आते गांव हठूर में रविवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बलकरन सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में नशे की ओवरडोज से मौत होने की चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, थाना हठूर की पुलिस ने इन चर्चाओं को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया है कि युवक की मौत सोते समय 'साइलेंट अटैक' आने के कारण हुई है। गांव के सरपंच जसकमल प्रीत सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक बलकरन सिंह पहले नशा करने का आदी था और कुछ समय नशा मुक्ति केंद्र (रिहैब सेंटर) में भी भर्ती रहा था। उन्होंने बताया कि रविवार सुबह करीब 4 बजे बलकरन की दादी ने उसे चाय दी और खुद गुरुद्वारा साहिब माथा टेकने चली गईं। जब वह गुरुद्वारा साहिब से वापस लौटीं, तब तक बलकरन की मौत हो चुकी थी।
थाना हठूर के एएसआई मनोहर लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, बलकरन सिंह सो रहा था और इसी दौरान उसे साइलेंट अटैक आया, जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने कहा कि कुछ लोग बिना पूरी जानकारी के नशे की ओवरडोज की अफवाह फैला रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, गांव के कई निवासियों ने युवक की नशे की ओवरडोज से मौत होने की आशंका जताई है, जिससे गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
मामले में पोस्टमार्टम न करवाए जाने के कारण मौत के वास्तविक कारण की चिकित्सकीय (मेडिकल) पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिजनों ने इस संबंध में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। इसके चलते रविवार दोपहर बाद परिजनों ने गांव के श्मशान घाट में बलकरन सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया। फिलहाल पुलिस द्वारा इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
Young-Man-Dies-Under-Suspicious-Circumstances-Speculation-Of-A-Drug-Overdose-Police-Cite-A-silent-Attack-sudden-Cardiac-Event-Family-Members-Have-Not-Filed-A-Complaint