डिलीवरी के बाद महिला की मौत से विवाद, रिश्तेदारों ने अस्पताल के बाहर लाश रख किया प्रदर्शन, नर्स पर थप्पड़ मारने का आरोप
Oct22,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना के शेरपुर के पास स्थित जी.के. अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान खुशबू के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन, डॉक्टरों और नर्स पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर जमकर प्रदर्शन किया और थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस से इंसाफ की मांग की। मृतका के पति विशाल ने बताया कि वह अपनी गर्भवती पत्नी खुशबू को इलाज के लिए जी.के. अस्पताल लेकर आए थे। दोपहर करीब 3 बजे खुशबू ने एक बच्ची को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन देर रात अचानक खुशबू की तबीयत खराब होने लगी। पति विशाल का आरोप है कि रात करीब 12 बजे जब खुशबू के पेट में तेज दर्द उठा, तो उसने अस्पताल में मौजूद नर्स को मदद के लिए बुलाया। आरोप है कि नर्स ने मदद करने के बजाय गुस्से में आकर खुशबू को 4-5 थप्पड़ मार दिए। इसके कुछ ही समय बाद जब खुशबू की हालत अधिक बिगड़ गई, तो अस्पताल प्रशासन ने उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। सिविल अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने खुशबू को मृत घोषित कर दिया। अभी अस्पताल प्रबंधन द्वारा बयान नहीं दिया गया है।
पुलिस जांच में जुटी
महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने जी.के. अस्पताल के बाहर खुशबू का शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी नर्स व डॉक्टरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन नंबर 6 की पुलिस मौके पर पहुंची। थाना इंचार्ज प्रमोद राज ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अस्पताल प्रबंधन/नर्स का पक्ष आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Controversy-Erupts-Following-A-Womans-Death-After-Childbirth-Relatives-Stage-A-Protest-By-Placing-The-Body-Outside-The-Hospital-Alleging-That-A-Nurse-Slapped-The-Woman