लुधियाना घुमारमंडी के मशहूर पंडित छोले-कुलचे वाले के बेटे की हत्या, बर्थडे पार्टी में बहस के बाद मारी गोलियां
Oct22,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना के घुमारमंडी में मौजूद मशहूर पंडित कुलचे-छोले वाले के बेटे राहुल (34) की बर्थडे पार्टी के दौरान कुछ युवकों से बहस हो गई। जिसके बाद उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने राहुल को 2 गोलियां मार दीं। एक उसकी छाती और दूसरी पीठ पर लगी। परिवार को उसके दोस्तों ने ही फोन कर कहा कि राहुल को गोली लगी है और उसे DMC में भर्ती कराया गया है, जाकर देख लो। हालांकि, जब तक परिवार वहां पहुंचा तो राहुल दम तोड़ चुका था। राहुल की 3 साल पहले ही शादी हुई थी। वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की। पुलिस को राहुल की स्कॉर्पियो मिल गई है, जिसमें वह घर से निकला था। उसकी बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक राहुल शर्मा बुधवार रात को पक्खोवाल रोड स्थित तलवार कॉलोनी में अखिल जोशी के घर बर्थडे पार्टी में गया था। इस पार्टी में करीब 8-10 युवक थे। यहां पर जब केक काटा जाने लगा तो राहुल की कुछ दोस्तों से कहासुनी हो गई। जिसके बाद उनके बीच बहस हुई और विवाद बढ़ गया।
अचानक झगड़े के बाद गोलियां मारी गईं
पुलिस के मुताबिक अचानक हुए झगड़े के बाद आरोपियों ने पिस्टल निकाल ली और राहुल को 2 गोलियां मार दीं। जो सीधे राहुल के शरीर में लगीं। वह जख्मी होकर वहीं पर गिर पड़ा। यह देखकर बर्थडे पार्टी में आए युवकों में हड़कंप मच गया। हालांकि वह राहुल को तुरंत DMC अस्पताल में ले गए। पुलिस के मुताबिक इसके बाद किसी दोस्त ने ही राहुल की पत्नी के भाई को फोन किया। जिसमें उसने कहा कि राहुल को गोली लगी है और उसे DMC में भर्ती करा दिया है, जाकर देख लो। इतना कहने के बाद बर्थडे पार्टी में शामिल सभी दोस्त वहां से फरार हो गए।
परिवार पहुंचा तो राहुल की मौत हो चुकी थी
परिवार को करीब साढ़े 12 बजे राहुल को गोली लगने की सूचना मिली। वह दौड़े-दौड़े DMC पहुंचे तो पता चला कि राहुल की रात 11.55 बजे ही मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने थाना सदर में मृतक राहुल शर्मा के साला पीयूष शर्मा के बयानों पर 8 लोगों के खिलाफ कत्ल और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। इसमें अखिल जोशी, परमराज, गगनदीप और अन्य अज्ञात युवकों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर BNS की धारा 103(1) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27, 54, 59 लगाई गई है।
Son-Of-The-Owner-Of-Ludhiana-Ghumar-Mandis-Famous-Pandit-Chhole-Kulche-Stall-Murdered-Shot-Following-An-Argument-At-A-Birthday-Party