लुधियाना। लुधियाना में बेटी की विदाई कर लौट रहे परिवार की इनोवा गाड़ी ट्रक से टकरा गई। जिससे दुल्हन के माता-पिता और चाची की मौत हो गई। 2 रिश्तेदारों की हालत गंभीर बनी हुई है। परिवार फतेहगढ़ साहिब में सरहिंद का रहने वाला है। दूल्हा जालंधर का रहने वाला है। इस वजह से उन्होंने लुधियाना के मैरिज पैलेस में कार्यक्रम रखा था। वहीं से वे घर लौट रहे थे। मरने वाला परिवार कारोबारी था। उनका सरहिंद में बाइक का शोरूम है। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं। सरहिंद के रहने वाले कारोबारी अशोक नंदा ने बेटी की शादी जालंधर में तय की थी। शादी के लिए लुधियाना के स्टेलोन मनोर पैलेस बुक किया गया था। रविवार-सोमवार की रात को शादी समारोह हुआ। उसके बाद सोमवार सुबह दुल्हन की विदाई हुई। इसके बाद दुल्हन का परिवार भी खुशी-खुशी घर लौटने की तैयारी करने लगा। उस वक्त इनोवा भी स्पीड में थी। ट्रक के ब्रेक लगाते ही इनोवा उसके पीछे टकरा गई। स्पीड तेज होने की वजह से वह कई मीटर तक घिसटती चली गई। इससे कार में सवार पांचों लोग घायल हो गए। दुल्हन के पिता अशोक नंदा, मां किरण नंदा और चाची रेनू बाला की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई। वहीं इस घटना में जख्मी मोहन नंदा व शर्मीली नंदा की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें लुधियाना के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं तीनों मृतकों का आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है ताकि अचानक ब्रेक लगाने के कारण के बारे में पूछताछ की जा सके।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)