लुधियाना। लुधियाना में कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी को विदेशी मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने पार्षद के साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इस मामले में थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने पार्षद की शिकायत के आधार पर आरोपी विनय कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में वार्ड नंबर 26 के कांग्रेस पार्षद गौरव भट्टी ने बताया कि 22 जून को उनके व्हाट्सएप पर एक विदेशी नंबर (+996552156228) से कॉल आई थी। यह नंबर कजाकिस्तान का दिखाई दे रहा था। कॉल रिसीव करते ही आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। पार्षद के अनुसार, आरोपी ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकियां दीं और उनकी जाति को लेकर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, आरोपी ने उनके परिवार की महिलाओं के खिलाफ भी बेहद आपत्तिजनक और अश्लील भाषा का प्रयोग किया। पार्षद गौरव भट्टी ने पुलिस को बताया कि फोन कॉल कटने के बाद भी आरोपी ने उन्हें परेशान करना जारी रखा। आरोपी ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर कई धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे, जिनमें उन्हें और उनके परिवार को नुकसान पहुंचाने की बातें कही गई थीं। पार्षद ने इन कॉल रिकॉर्डिंग्स और ऑडियो मैसेज को सबूत के तौर पर पुलिस को सौंप दिया है।