निगम हाउस की बैठक में फिर हंगामा, 82 करोड़ी प्रोजेक्ट का विरोद, मेयर ने विपक्षी पार्षदों को बाहर करने के दिए आदेश, एक का कुर्ता फटा
Oct12,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना नगर निगम के जनरल हाउस की बैठक में सोमवार को विपक्षी पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान मेयर ने पार्षदों का माइक बंद करवा दिया। मेयर ने हंगामा करने वाले पार्षदों को बाहर करने के आदेश दिए। हालांकि पुलिस ने मेयर के आदेश के बावजूद पार्षदों को बाहर नहीं किया। हंगामे के दौरान एक पार्षद का कुर्ता फट गया। शनिवार को वार्ड नंबर-47 से आम आदमी पार्टी की पार्षद उषा कल्याण के निधन के कारण बैठक स्थगित कर दी गई थी। महिला पार्षद भूपिंदर कौर ने नगर निगम के 1208 सफाई कर्मचारियों की सेवा एक साल बढ़ाने के प्रस्ताव के खिलाफ प्रदर्शन किया था। वह पिछले एक साल से अधिकारियों को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड मांग रही हैं, जिनमें से कई कर्मचारी मौके पर काम करते हुए दिखाई नहीं देते। उन्होंने बैठक हॉल के बाहर व्हीलचेयर पर बैठकर हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया। भूपिंदर कौर ने कहा कि उन्होंने इस मामले में कई नेताओं और अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने चेतावनी दी कि वह बैठक में शामिल नहीं होंगी और यदि सोमवार को हाउस में यह प्रस्ताव पास किया गया, तो पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगी।
AAP पार्षद के पति ने भी टेंडर का विरोध किया
वार्ड नंबर 53 से आम आदमी पार्टी की पार्षद महक टीना के पति गुरकरण टीना ने कहा कि नगर निगम हाउस की बैठक में आज करीब 82.5 करोड़ रुपए के टेंडर का वर्क ऑर्डर पास करने की तैयारी है। दिल्ली की एक कंपनी को शहर की सड़कों की हाईप्रेशर पानी से सफाई करने का ठेका दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 2,500 रुपए प्रति किलोमीटर की दर तय की गई है। यह दर बाइपास के एक हिस्से के लिए बताई जा रही है। सिंगल सड़क के लिए 5,000 रुपए प्रति किलोमीटर और फोरलेन सड़क के लिए 10,000 रुपए प्रति किलोमीटर तक खर्च आएगा। उनके मुताबिक ये दरें काफी ज्यादा हैं।
संस्थान की रिपोर्ट नकारात्मक थी
गुरकरण टीना ने कहा कि जब कंपनी ने टेंडर के लिए आवेदन किया था, तब नगर निगम ने थापर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या इस तरह पानी से सड़कों की सफाई करना उचित है। उन्होंने दावा किया कि संस्थान की रिपोर्ट नकारात्मक थी। रिपोर्ट में पानी और सड़क पर बिछाई जाने वाली लुक को एक-दूसरे के विपरीत बताया गया था। पानी के संपर्क में आने से सड़कों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई थी। यदि आज हाउस की बैठक में वर्क ऑर्डर पास किया जाता है, तो इसका विरोध किया जाएगा। जनता की मेहनत की कमाई को इस तरह बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा।
Uproar-Again-At-The-Municipal-Corporation-Meeting-Opposition-To-The-82-Crore-Project-Mayor-Orders-The-Removal-Of-Opposition-Councilors-One-Councilors-Kurta-Torn