लुधियाना। पंजाब में शीत लहर के चलते सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में 14 जनवरी तक छुटि्टयां घोषित कर दी गई हैं। गौरतलब है कि अमृतसर में सरकारी स्कूल के छात्र की ठंड के कारण मौत हो गई। छात्र को ठंड के कारण बुखार आया था। डॉक्टरों के मुताबिक छात्र के दिमाग में बुखार के कारण सूजन आ गई थी। वह 2 बहनों का इकलौता भाई था। पंजाब के सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों में छुट्टी की जानकारी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने खुद अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स पर दी है। सीएम ने ट्वीट कर लिखा है- कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए पंजाब के दसवीं कक्षा तक के सभी सरकारी व प्राइवेट स्कूलों में 8 जनवरी से 14 जनवरी तक छुटि्टयां करने का फैसला किया गया है। जबकि, शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने सुबह ही सर्दी की छुटि्टयों को बढ़ाने में असमर्थता जाहिर की थी।
एजुकेशन मिनिस्टर ने कहा था- छुट्टियां बढ़ाना संभव नहीं
बीते दिन पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने साफ कहा था कि सर्दी के बावजूद भी स्कूलों में अब और छुट्टियां नहीं होंगी। वह भी महसूस कर रहे हैं कि सर्दी बहुत है, लेकिन शैक्षिक कैलेंडर के हिसाब से अभी छुट्टी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि हर साल स्टूडेंट्स को 230 दिन स्कूल जाना जरूरी होता है, लेकिन इस सेशन में बाढ़ के चलते पहले ही काफी छुट्टियां हो चुकी हैं। जिसके कारण अभी छुट्टियां करना संभव नहीं है। बैंस ने कहा कि इस साल लोकसभा चुनाव भी हैं, जिसके चलते बोर्ड परीक्षा भी फरवरी में शुरू की जा रही हैं।