चंडीगढ़। पंजाब सरकार की पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप स्कीम के अंतर्गत 10वीं कक्षा के बाद उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे स्टूडेंट्स अपने फ्री-शिप कार्ड और स्कॉलरशिप के लिए आवेदन कर सकते हैं। स्टूडेंट्स को डॉ. अंबेडकर स्कॉलरशिप पोर्टल https://scholarships.punjab.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। फ्री शिप कार्ड से स्टूडेंट बिना फीस के एडमिशन ले पाएंगे। सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि गरीब परिवारों के छात्रों को उच्च शिक्षा मुहैया कराने में पंजाब सरकार पूरी तरह वचनबद्ध है। स्कीम की हिदायतें स्कीम डिटेल में G.O.I गाइडलाइन मार्च 2021 में दर्ज हैं। स्कॉलरशिप संबंधी तकनीकी समस्या के लिए ई-मेल आईडी: pms.dsjem.punjab@gmail.com पर ई-मेल भी की जा सकती है।
नए स्टूडेंट्स को जारी होगा कार्ड
मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि फ्री-शिप कार्ड केवल फ्रेश (कोर्स का पहला साल) छात्रों को ही जारी किया जाना है। फ्री-शिप कार्ड आवेदन करने के लिए विधि पोर्टल के हेल्प मेन्यू में विद्यार्थी रजिस्ट्रेशन और फ्री-शिप कार्ड मैन्युअल में दर्ज है। रिन्यूअल स्टूडेंट्स को स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने की जरूरत नहीं होती। उनके आवेदन संस्था की आईडी में स्वयं जनरेट होते हैं। इसके अलावा स्कॉलरशिप की अदायगी के लिए आवेदक का बैंक खाता आधार सिडिड और एक्टिव मोड़ में होना चाहिए। नए स्टूडेंट्स के लिए आय सर्टिफिकेट तहसीलदार/नायब तहसीलदार द्वारा जारी किया गया ही मान्य होगा।
फ्री-शिप कार्ड धारक स्टूडेंट्स बिना दाखिला फीस के एडमिशन लें
मंत्री ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थाएं फ्री-शिप कार्ड धारक स्टूडेंट्स को बिना दाखिला फीस लिए अपनी संस्था में दाखिला देंगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित करेंगी कि स्टूडेंट के संस्था में दाखिला लेने पर तुरंत स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करवाया जाए। बताया कि संस्थाओं को साल 2023-24 के लिए आधार बेस अटेंडेंस सिस्टम लागू करना आवश्यक है। संस्थाएं स्कीम को हर योग्य विद्यार्थी के लाभ के लिए सुविधा सेंटर स्थापित करना सुनिश्चित करेंगी। मंत्री ने कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप स्कीम अनुसूचित जाति के स्टूडेंट्स की उच्च शिक्षा में कुल दाखिला अनुपात में विस्तार के लिए चलाई जा रही है।