लुधियाना में युवक की मौत पर भीड़ ने मेडिकल स्टोर तोड़ा, गलत दवाई देने का आरोप
Oct15,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। काराबारा रोड इलाके में पुरानी सब्जी मंडी एरिया में गुरुवार को गुस्साई भीड़ ने एक मेडिकल स्टोर पर हमला कर दिया। उस पर आरोप था कि उसके यहां से खरीदी गई दवाई खाकर एक युवक की मौत हो गई है। लोगों ने मेडिकल स्टोर में रखे सामान की तोड़फोड़ की। इसका विरोध करने पर लोगों ने स्टोर मालिक के साथ भी मारपीट की। इसके बाद दवाइयों के स्टॉक तो तोड़कर खराब कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और भीड़ को शांत करने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी केमिस्ट को हिरासत में लिया। इसके बाद लोगों के बयान दर्ज किए। फिलहाल, इलाके में माहौल तनावपूर्ण है। लोगों ने आरोप लगाया कि मेडिकल स्टोर से दवाई लेकर गए साहिल ठाकुर उर्फ सैंपी (27) की मौत हुई है। वह काराबारा इलाके का रहने वाला था। लोगों का कहना है कि युवक की मौत से उसकी 6 साल की बच्ची अनाथ हो गई है। जानकारी के मुताबिक, लुधियाना शहर के काराबारा रोड इलाके में पुरानी सब्जी मंडी में दोपहर के वक्त तनाव की स्थिति पैदा हो गई। लोग अचानक पुरानी सब्जी मंडी स्थित मंजीत मेडिकल स्टोर पर टूट पड़े। उन्होंने आते ही दुकान के शीशे तोड़ने शुरू कर दिए। इसके बाद उन्होंने दुकान के सामान को तोड़ना शुरू कर दिया। दुकान में मौजूद केमिस्ट ने जब हमलावरों को रोकने की कोशिश की तो लोगों ने उसके साथ भी मारपीट की। इससे उसके सिर और कान में चोटें आईं। लोगों ने दुकान में जमकर तोड़फोड़ की। इसी दौरान मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई। थोड़ी देर में जब पुलिस पहुंची, तब तक हमलावर दवाई की दुकान में तोड़फोड़ कर चुके थे। मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे।
Crowd-Vandalizes-Medical-Store-In-Ludhiana-Following-Youths-Death-Alleges-Administration-Of-Wrong-Medicine