पंजाब बंद कॉल के दौरान लुधियाना में प्रदर्शन करते युवक की मौत, सीएम मान का बैनर उतारते समय करंट लगा
Oct15,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। वीरवार को पंजाब बंद के दौरान जमालपुर में चंडीगढ़ रोड पर धरना-प्रदर्शन के दौरान करंट लगने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जश्नदीप सिंह (22) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह धरने के दौरान एक बोर्ड या बैनर उतारने के लिए लोहे की रॉड का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान रॉड ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन बिजली की तार से टकरा गई और उसे जोरदार करंट लग गया। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। परिजनों ने घटना को लेकर प्रशासन और सरकार पर सवाल उठाए हैं। जश्नदीप के चचेरे भाई सतनाम सिंह ने बताया कि एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में पंजाब बंद के आह्वान के चलते लुधियाना में भी नशे के खिलाफ धरना दिया जा रहा था। जश्नदीप भी इसमें शामिल होने पहुंचा था। वह धरने में खड़ा था कि अचानक उसे करंट लग गया। उसे नजदीकी फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सतनाम ने कहा कि सड़कों पर बिजली की तारों और व्यवस्था की स्थिति से सभी परिचित हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बोर्ड को उतारने की बात पर उसने कहा कि लोग बहुत कुछ कहते हैं। जश्नदीप भगवंत मान का बोर्ड क्यों उतारता? वे तो धरने में शामिल होने आए थे। उन्हें क्या पता था कि यहां ऐसा हादसा हो जाएगा।
Youth-Dies-While-Protesting-In-Ludhiana-During-Punjab-Bandh-Call-Suffers-Electric-Shock-While-Removing-A-Banner-Of-Cm-Mann