लुधियाना की ज्वेलरी शॉप पर चोरी, ग्राहक बनकर आए दो युवक चांदी की चेन लेकर हुए फरार
Aug28,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। लुधियाना के बाबा थान सिंह चौक स्थित अमृती ज्वैलर्स में दो युवक ग्राहक बनकर आए और बड़ी ही चालाकी से चांदी की चेन चुराकर फरार हो गए। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दुकान के मालिक दलजीत सिंह ने बताया कि 27 अगस्त की शाम करीब 6:30 बजे दो युवक उनकी दुकान पर आए। उनका हाव-भाव ऐसा था, जैसे वे पक्के ग्राहक हों और कुछ खरीदने ही आए हों। उन्होंने दुकानदार से चांदी की चेन दिखाने को कहा। दुकानदार ने उनके सामने 8 चांदी की चेन रख दीं। दोनों युवक काफी देर तक डिजाइन देखते रहे। फिर यह कहकर दुकान से बाहर चले गए कि उन्हें कुछ पसंद नहीं आया। युवकों के जाने के बाद जब दुकानदार दलजीत सिंह ने सामान वापस रखने के लिए चेन की गिनती की तो उसमें से एक चांदी की चेन कम निकली। शक होने पर उन्होंने तुरंत दुकान के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखाई दिया कि लाल रंग की शर्ट पहने एक युवक ने बात करते-करते बड़ी ही चालाकी से एक चेन उठा ली। युवक ने चेन को तुरंत अपनी मुट्ठी में दबा लिया और फिर दोनों बहाना बनाकर वहां से रफूचक्कर हो गए। इसके अलावा चेन चुराने वाले युवक के हाथ पर एक टैटू बना हुआ है।
Theft-At-A-Ludhiana-Jewelry-Shop-Two-Youths-Posing-As-Customers-Fled-With-A-Silver-Chain