लुधियाना। लुधियाना के सिविल अस्पताल में बुधवार दोपहर को विवाद खड़ा हो गया। एक महिला कर्मचारी द्वारा मरीज से बदसलूकी करने का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो के आधार पर यह आरोप लगाया गया कि लाइन में लगे एक मरीज ने जब महिला कर्मचारी से अपना काम करने को कहा, तो उसने मरीज को डांटकर भगा दिया और कहा कि यह उसका काम नहीं है। जानकारी के मुताबिक समराला चौंक के रहने वाले बस ड्राइवर पम्मा को बिल्ली ने काटा था। इसका टीका लगवाने वह अस्पताल आया था। वह महिला कर्मी के पास मुहर लगवाने गया था। इसके बाद महिला ने मना कर दिया और कहीं और जाकर काम करवाने को कहा। मामले के तूल पकड़ने और वीडियो वायरल होने के बाद, अब आरोपी महिला कर्मचारी ने कैमरे के सामने आकर अपना पक्ष रखा है। महिला का कहना है कि वीडियो को बिना पूरी सच्चाई जाने वायरल किया गया है और वह इस मामले में पूरी तरह से बेकसूर है।