लुधियाना। लुधियाना के ढोलेवाल स्थित प्रभात नगर में एक ड्राइवर ने शकी हालातों में कमरे में फंदा लगाकर खुदखुशी कर ली। मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई है। थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के मामा सुनील ने बताया कि मनोज ने मौत से पहले उन्हें फोन कर कहा था कि मामा जल्दी आ जाओ, यहां लफड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने कई बार फोन भी किया, लेकिन मनोज ने कॉल रिसीव नहीं की। सुनील ने बताया कि कुछ देर इंतजार करने के बाद वह वहां से लौट गए। अगले दिन सुबह दोबारा फोन किया तो नंबर बंद मिला। उन्हें लगा कि मनोज किसी काम से गाड़ी लेकर बाहर गया होगा, क्योंकि वह ड्राइवरी करता था। बाद में उन्हें फोन पर मनोज की मौत की सूचना मिली। सुनील के अनुसार, जब वह दोबारा मौके पर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और मनोज का शव बेड पर रखा था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के पहुंचने से पहले ही मकान मालिक ने शव को फंदे से नीचे उतार दिया था। परिजनों का कहना है कि मनोज के गले पर फंदे के निशान थे, जबकि उसके दोनों पैरों पर गंभीर चोट और छिलने के निशान भी मिले।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)