पंजाब। कपूरथला के भुलत्थ सब-डिवीजन के अंतर्गत आते गांव नंगल लुबाना में मामूली विवाद के बाद एक युवक की तेजधार हथियारों से वार करके हत्या कर दी गई। आरोप है कि कार से कपड़ों पर पानी के छींटे पड़ने का विरोध करने पर चार युवकों ने इस खूनी वारदात को अंजाम दिया। मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही बेगोवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसापास के लोगों से पूछताछ कर जांच की। मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मृतक के पिता भजन सिंह के बयानों के आधार पर एफआईआऱ् दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कपूरथला मोर्चरी में रखवाया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित पिता भजन सिंह (निवासी बेगोवाल) ने बताया कि वह पेशे से किसान हैं। उनके दो बेटे हैं 38 वर्षीय गुरमीत सिंह और इंद्रजीत सिंह। छोटा बेटा इंद्रजीत सिंह अमेरिका में रहता है, जबकि बड़ा बेटा गुरमीत सिंह गांव में ही रहकर पिता के साथ खेती-बाड़ी के काम में हाथ बंटाता था। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पहले आरोपियों ने की बहस और धमकी देकर चले गए
शिकायतकर्ता भजन सिंह के अनुसार, यह विवाद 15 जुलाई की रात करीब आठ बजे शुरू हुआ। गुरमीत सिंह और उसका भतीजा हरप्रीत सिंह नंगल लुबाना में अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान एक काले रंग की सुजुकी ब्रीजा गाड़ी बेहद तेज रफ्तार से वहां से गुजरी। सड़क पर जमा बारिश के पानी के छींटे गुरमीत सिंह के कपड़ों पर पड़ गए। जब गुरमीत ने गाड़ी रुकवाकर इस पर आपत्ति जताई, तो कार सवार युवक बहसबाजी और धमकियां देते हुए वहां से चले गए। कार सवारों की पहचान डाला गांव निवासी समीर उर्फ सैम (चालक) और रायपुर पीर बख्श निवासी सतविंदरजीत सिंह उर्फ गौरव के रूप में हुई थी, जिन्हें हरप्रीत पहले से जानता था।
पेट्रोल पंप जाते समय घेरकर किया ताबड़तोड़ हमला
विवाद यहीं शांत नहीं हुआ। रात करीब नौ बजे जब भजन सिंह, उनका बेटा गुरमीत और भतीजा हरप्रीत मुंडी रोड अड्डे पर खड़े थे, तभी बेगोवाल की तरफ से वही काले रंग की ब्रीजा कार आकर रुकी। कार में से इस बार चार लड़के उतरे, जिनमें से तीन के हाथों में तेजधार हथियार थे। आरोपियों ने गुरमीत को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर हथियारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमलावरों में समीर उर्फ सैम, सतविंदरजीत सिंह उर्फ गौरव के अलावा मनजोत सिंह उर्फ मनु (निवासी पंडोरी राजपूतां) और जसविंदर सिंह उर्फ करण (निवासी डाला) शामिल थे।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)