पंजाब। अमृतसर पुलिस कमिश्नरेट को साइबर आतंकवाद और फर्जी बम धमकियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो देश के कई राज्यों के स्कूलों और अन्य संवेदनशील संस्थानों को बम ब्लास्ट की धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले गिरोह से जुड़ा था। इन ई-मेल्स का मकसद लोगों में दहशत फैलाना और राष्ट्रीय सुरक्षा व सार्वजनिक शांति को प्रभावित करना था। पुलिस के अनुसार, आरोपी गुमनाम डिजिटल टूल्स और फर्जी ई-मेल अकाउंट उपलब्ध करवाता था, जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी धमकी भरे संदेश भेजने के लिए कर रहे थे। पुलिस ने इस कार्रवाई को साइबर नेटवर्क की जड़ पर एक बड़ा प्रहार बताया है। साइबर क्राइम थाना अमृतसर में दर्ज चार अलग-अलग मामलों, एफआईआर नंबर 04 (14 जनवरी 2026), एफआईआर नंबर 06 (26 जनवरी 2026), एफआईआर नंबर 09 (1 फरवरी 2026) और एफआईआर नंबर 14 (28 फरवरी 2026) की जांच के दौरान डिजिटल ट्रेल और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी को पश्चिम बंगाल में ट्रैक किया गया।
आरोपी ने पेशे से ग्राफिक डिजाइनर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सौरव बिस्वास उर्फ माइकल के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 30 साल बताई जा रही है और वह पेशे से ग्राफिक डिजाइनर है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ पहले कोई मामला दर्ज नहीं था। हालांकि, गुजरात पुलिस ने भी आरोपी को इसी तरह के एक मामले में नामजद किया हुआ है। जांच में सामने आया कि आरोपी फेसबुक ग्रुप्स और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स के जरिए ई-मेल अकाउंट खरीदने और बेचने का काम करता था। करीब 300 जीमेल अकाउंट अलग-अलग लोगों से खरीदे गए थे, जबकि 219 जीमेल अकाउंट व्हाट्सएप के जरिए बांग्लादेश में बैठे एक व्यक्ति को बेचे गए। इन सौदों के लिए यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल किया गया। पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ कि बाद में इन ई-मेल अकाउंट्स को पाकिस्तान स्थित संदिग्ध लोगों तक पहुंचाया गया, जिन्होंने कथित तौर पर इनका इस्तेमाल बम धमकी वाले ई-मेल और अन्य गैरकानूनी साइबर गतिविधियों के लिए किया। बांग्लादेश लिंक को लेकर भी संबंधित एजेंसियां जांच कर रही हैं।
आरोपी के पास से कई सामान बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 CPU, 5 कंप्यूटर हार्ड डिस्क, 3 मोबाइल फोन, एक इंटरनेट राउटर, 300 से अधिक Gmail IDs उनके पासवर्ड और रिकवरी डिटेल्स सहित तथा 15 Hotmail अकाउंट बरामद किए हैं। इस पूरी कार्रवाई में DCP डिटेक्टिव रविंदरपाल सिंह, ADCP सिटी-2 सिरिवेनेला, ADCP मुख्यालय परविंदर कौर, ACP साइबर क्राइम एवं फॉरेंसिक लखविंदर सिंह कलेर और SHO साइबर क्राइम इंस्पेक्टर राजबीर कौर की टीम ने अहम भूमिका निभाई।
Punjab-Bomb-Blast-Email-Suspect-Arrested-In-West-Bengal-Investigation-Into-Pakistan-Link-Begins
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)