पंजाब। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे और गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 7 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल और 2 किलो 100 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस मामले में 26 वर्षीय खुश कुमार उर्फ भोला को गिरफ्तार किया गया है, जो अमृतसर के गुरु वाली गेट इलाके का निवासी है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी खुश कुमार गुरु वाली गेट के पास ही कपड़ों की दुकान चलाता था। वह पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वर्ष 2018 में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था, जिसमें वह बाद में जमानत पर बाहर आ गया। उस पर स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट के मामले भी दर्ज हैं। वर्ष 2020 में खरड़, मोहाली में भी उससे एक पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी कई वर्षों से गुप्त रूप से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था और अपनी दुकान की आड़ में तस्करी का काम करता था। बरामद किए गए हथियारों में तुर्की में बनी ग्लैडिएटर पिस्तौल, इटालियन बेरेटा और ऑस्ट्रिया व चीन में बने हथियार शामिल हैं।
गैंगस्टर नेटवर्क के लिए मंगवाए गए हथियार
पुलिस का कहना है कि ये सभी हथियार गैंगस्टर नेटवर्क के लिए मंगवाए गए थे। कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि यदि ये हथियार अपराधी गिरोहों तक पहुंच जाते, तो अमृतसर और आसपास के इलाकों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। इस पूरे ऑपरेशन को सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर मलकीत सिंह और उनकी टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
कुख्यात अपराधी बॉबी मल्होत्रा से आरोपी का संबंध
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का संबंध कुख्यात अपराधी बॉबी मल्होत्रा से था। इसके अलावा उसके पाकिस्तानी तस्करों से भी संपर्क पाए गए हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और सीमा पार बैठे तस्करों की पहचान करने में जुटी हुई है। कमिश्नर भुल्लर ने संकेत दिए कि आने वाले एक-दो दिनों में और भी बड़ी गिरफ्तारियां और बरामदगी हो सकती हैं।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)