सांसद अमृतपाल को डिब्रूगढ़ जेल से बाहर लाया गया, पुलिस टीम साथ लेकर एयरपोर्ट रवाना; दोपहर बाद दिल्ली से फ्लाइट में पंजाब आएंगे
Nov20,2026
| Enews Team | Punjab
पंजाब। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए पंजाब पुलिस असम की डिब्रूगढ़ जेल से उन्हें साथ लेकर रवाना हो चुकी है। पुलिस की टीम अमृतपाल को लेकर पहले दिल्ली पहुंचेगी और वहां से दोपहर 2:30 बजे पंजाब के लिए फ्लाइट पकड़ेगी। अमृतपाल 21 नवंबर को अपने पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा में दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसके लिए अमृतसर की अदालत ने 12 बजे से 3 बजे के लिए तीन घंटे की कस्टडी पैरोल दी है। अमृतपाल को अभी कहां रखा जाएगा इसकी सुरक्षा कारणों से जानकारी नहीं दी गई है। अमृतपाल को लाने और वापस ले जाने के लिए परिवार ने पुलिस के खाते में 10 लाख रुपए जमा करवाए हैं।
दादी का परसों खेतों में होगा अंतिम संस्कार
सांसद की दादी का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा (अमृतसर) में किया जाएगा। उन्हें अपने खेतों में अंतिम विदाई दी जाएगी। इसके लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। परिवार और गांव के लोग अंतिम संस्कार की व्यवस्था में जुटे हैं। चरण कौर का 8 नवंबर को निधन हो गया था। सांसद को असम की डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लाने और वापस ले जाने के लिए उनके परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपए जमा करवाए हैं। 7 लाख 84 हजार रुपए टिकटों पर खर्च होंगे। इसमें अमृतपाल सिंह और 5 पुलिस मुलाजिमों की आने-जाने की टिकटें शामिल हैं।
माहौल बिगड़ा तो अमृतपाल को तुरंत ले जाएगी पुलिस
सांसद अमृतपाल सिंह की पैरोल के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में पुलिस को उन्हें तुरंत वापस ले जाने का अधिकार दिया गया है। अमृतसर की सेशन कोर्ट ने सरकार और पुलिस को किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए यह छूट दी है। कोर्ट के आदेश के मुताबिक, अगर अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था भंग होती है, कोई अप्रिय घटना होती है या फिर ऐसी स्थिति पैदा होने की आशंका भी नजर आती है, तो पुलिस अमृतपाल को तुरंत अंतिम संस्कार स्थल से हटा सकती है। कोर्ट ने सरकार को यह अधिकार भी दिया है कि जरूरत पड़ने पर अमृतपाल को सिर्फ अंतिम संस्कार स्थल से ही नहीं, बल्कि तुरंत पंजाब से बाहर भी ले जाया जा सकता है। यानी पैरोल की निर्धारित अवधि पूरी होने का इंतजार किए बिना सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर उन्हें वापस ले जाने का फैसला लिया जा सकेगा।
Mp-Amritpal-Has-Been-Brought-Out-Of-Dibrugarh-Jail-A-Police-Team-Is-Accompanying-Him-To-The-Airport-He-Will-Arrive-In-Punjab-From-Delhi-By-Flight-Later-This-Afternoon