महिला कांग्रेस अध्यक्ष पार्टी से निष्कासित, पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए; कहा-चापलूस नेताओं को मिल रही प्राथमिकता
Aug14,2026
| Enews Team | Punjab
पंजाब। पंजाब कांग्रेस ने कपूरथला जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष संगीता धीर को उनके पद से हटा दिया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल होने की शिकायतों के आधार पर उन्हें तुरंत प्रभाव से निष्कासित किया है।कार्यकारी अध्यक्ष बलजीत कौर द्वारा 11 अगस्त को जारी एक पत्र के अनुसार, धीर को ज़िला अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है और तुरंत प्रभाव से पार्टी से निकाल दिया गया है। पत्र में कहा गया है कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में उनकी कथित संलिप्तता के बारे में बार-बार शिकायतें और रिपोर्टें मिली थीं और संगठन ने उन्हें गंभीरता से लिया था। धीर कई वर्षों से कपूरथला में महिला कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय थीं और उन्होंने विभिन्न पार्टी कार्यक्रमों में जिला संगठन का प्रतिनिधित्व किया था।
मार्च 2026 में विरोध प्रदर्शन में लिया हिस्सा, अब दिया इस्तीफा
इस बीच कपूरथला ज़िला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष संगीता धीर ने पंजाब प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व पर गंभीर सवाल उठाते हुए पार्टी से अपने इस्तीफे की घोषणा की है। उन्होंने ज़िला महिला कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर मार्च 2026 में फगवाड़ा में आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन में भी हिस्सा लिया था। संगीता धीर ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन के लगभग 3 दशक कांग्रेस को समर्पित किए और लगातार संगठन के लिए काम किया। इसके बावजूद उनके साथ हुए व्यवहार को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि वह अब कांग्रेस से इस्तीफा दे रही हैं। उन्होंने कहा कि मेहनती और समर्पित जमीनी कार्यकर्ताओं के बजाय उन लोगों को अधिक महत्व दिया जा रहा है, जो कुछ नेताओं को खुश करने में लगे रहते हैं।
मेहनती कार्यकर्ताओं को दरकिनार करने का आरोप
धीर ने मीडिया में सामने आए निष्कासन पत्र को लेकर भी सवाल खड़े किए। धीर ने कहा कि यदि नेताओं की चापलूसी करने वालों को प्राथमिकता देकर जमीनी स्तर पर काम करने वाले समर्पित और मेहनती कार्यकर्ताओं को दरकिनार किया जाएगा, तो इसका नुकसान कांग्रेस संगठन को ही उठाना पड़ेगा।
कांग्रेस को जीवन का हिस्सा माना’
संगीता धीर ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को कभी महज राजनीतिक मंच नहीं माना, बल्कि इसे अपने जीवन का अहम हिस्सा समझा। करीब 3 दशक तक पार्टी के लिए काम करने के बाद उनके साथ इस तरह का व्यवहार होना उनके लिए बेहद पीड़ादायक है। कुछ लोग लंबे समय से उनकी पीठ पीछे उनके खिलाफ काम कर रहे थे और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को उनके बारे में गलत जानकारी दे रहे थे।
Mahila-Congress-President-Expelled-From-The-Party-After-Questioning-The-Leadership-Says-Sycophantic-Leaders-Are-Being-Prioritized