पंजाब। आम आदमी पार्टी की हलका अमृतसर पूर्वी से विधायक जीवनजोत कौर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज को अकाल तख्त पर भारी बोझ बताया था। इस मामले पर जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने आज स्पष्ट किया कि पेशी के दौरान उनसे इस मुद्दे पर भी चर्चा की जाएगी। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने बेअदबी कानून को लेकर सभी सिख विधायकों और पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्रियों को श्री अकाल तख्त पर तलब किया है। इन सभी सिख विधायकों और मंत्रियों की पेशी आज अमृतसर में जारी है। जीवनजोत कौर भी सिख एमएलए होने के कारण उन्हें इस पेशी में उपस्थित होना पड़ेगा और श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी गड़गज के सवालों के जवाब देने होंगे। इसी दौरान ज्ञानी गड़गज उनसे उनके बयान को लेकर भी स्पष्टीकरण मांगेंगे। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार द्वारा विवादित वीडियो मामले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ आदेश जारी किए जाने के बाद जीवनजोत कौर ने ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज पर अमर्यादित टिप्पणी की थी। उनके इस बयान पर सिख संगठनों ने एतराज जताते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। सिख संगठनों ने इसे सीधे-सीधे श्री अकाल तख्त साहिब का अपमान करार दिया था।
शिअद ने श्री अकाल तख्त साहिब में दी थी शिकायत
विवादास्पद बयान के खिलाफ शुक्रवार को शिरोमणि अकाली दल (बादल) के शहरी प्रधान सुरजीत सिंह पहलवान की अगुवाई में वरिष्ठ अकाली नेताओं का एक शिष्टमंडल श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचा। जत्थेदार की अनुपस्थिति में नेताओं ने सचिवालय इंचार्ज बगीचा सिंह को एक लिखित शिकायत पत्र सौंपा।
जत्थेदार का पद पूरी सिख कौम के लिए पूजनीय
शिकायत पत्र में अकाली नेताओं ने मांग की है कि विधायक जीवनजोत कौर को तुरंत श्री अकाल तख्त साहिब पर तलब किया जाए। उन्होंने कहा कि जत्थेदार का पद पूरी सिख कौम के लिए पूजनीय है और किसी भी राजनीतिक नेता द्वारा इस गरिमामयी पद के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नेताओं का आरोप है कि विधायक ने सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। शिष्टमंडल ने जत्थेदार ज्ञानी गड़गज से उन्हें अकाल तख्त पर तलब कर तनखाहिया घोषित करने और धार्मिक दंड देने की अपील की है।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)