डेस्क, लुधियाना
भारतीय जनता पार्टी लुधियाना के कोषाध्यक्ष बॉबी जिंदल ने पंजाब में बढ़ते बिजली संकट को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इस समय पंजाब सरकार पूरी तरह विफल साबित हो चुकी है और प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं को लगातार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। शहरों से लेकर गांवों तक लंबे-लंबे बिजली कट लगाए जा रहे हैं, जिससे आम लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
दूसरी ओर उद्योगों में उत्पादन प्रभावित होने से कारोबारी वर्ग भारी परेशानियों से गुजर रहा है। बॉबी जिंदल ने कहा कि बिजली संकट के चलते फैक्ट्रियां घाटे में चल रही हैं और उद्योग जगत में चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि पंजाब के बिजली मंत्री Sanjeev Arora द्वारा यह स्वीकार करना कि सरकार ने अप्रैल महीने में बिजली की खरीद नहीं की, अपने आप में सरकार की लापरवाही और गलत योजना का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि सरकार अब मौसम और बढ़ती गर्मी का बहाना बनाकर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकती, क्योंकि बिजली की खरीद और आपूर्ति की योजना पहले से बनाई जाती है। अप्रैल और मई की जरूरतों को देखते हुए पहले ही केंद्र सरकार और अन्य राज्यों के साथ बिजली खरीद समझौते किए जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार की लापरवाही का खामियाजा अब जनता और उद्योगों को भुगतना पड़ रहा है।
भाजपा नेता ने कहा कि मुफ्त योजनाओं का अत्यधिक बोझ अब पंजाब की आर्थिक स्थिति पर साफ दिखाई देने लगा है। हालात यह हो चुके हैं कि जो उपभोक्ता नियमित भुगतान कर रहे हैं, उन्हें भी निर्बाध बिजली उपलब्ध नहीं हो पा रही। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि यही स्थिति बनी रही तो पंजाब की इंडस्ट्री पर इसका गंभीर प्रभाव पड़ेगा और उद्योगों का दूसरे राज्यों की ओर पलायन तेज हो सकता है। इससे रोजगार के अवसर कम होंगे और पंजाब की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचेगा।
बॉबी जिंदल ने पंजाब सरकार से मांग की कि वह राजनीतिक लाभ से ऊपर उठकर बिजली प्रबंधन को प्राथमिकता दे और प्रदेश की जनता व उद्योगों को निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए।
Power-Crisis-Exposes-Punjab-Government-Flaws-Bobby-Jinda
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)