लुधियाना। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत शहर में शुरू होने जा रही ई-बस सेवा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नगर निगम (एमसी) कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने बुधवार को हंबड़ां रोड और घोड़ा कॉलोनी में निर्माणाधीन ई-बस डिपो का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों और ठेकेदार को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। जानकारी के अनुसार, लुधियाना को जल्द ही प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत 100 इलेक्ट्रिक बसें मिलने की उम्मीद है। इनमें से 30 ई-बसों के लिए हंबड़ां रोड पर और 70 ई-बसों के लिए घोड़ा कॉलोनी में आधुनिक डिपो तैयार किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एमसी के ज्वाइंट कमिश्नर विनीत कुमार, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर शाम लाल गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। घोड़ा कॉलोनी स्थित डिपो का निरीक्षण करते हुए एमसी कमिश्नर ने निर्माण स्थल पर रखे सामान को हटाने के लिए पुलिस विभाग और नगर निगम की तहबाजारी शाखा के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। एमसी कमिश्नर ओजस्वी अलंकार ने कहा कि यह शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने की हिदायत दी, ताकि परियोजना समय पर पूरी हो सके और शहरवासियों को जल्द ही आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल ई-बस सेवा का लाभ मिल सके।
हमारा पहला उदेश्य आप तक सबसे पहले और सही खबर पहुंचाना। हमारे आसपास क्या हो रहा है, इसके बारे में आपकी नॉलेज को दुरुस्त करना। वहीं समाज की बुराईयों व गलत गतिविधियों संबंधी आगाह करना भी हमारे लक्ष्य में हैं।
Yashpal Sharma (Editor)