नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर मिली धमकियां से परेशान होकर व्यक्ति ने किया सुसाइड, व्यक्ति बोला- मंत्री चीमा जिम्मेदार, Aap बोली- दबाव डालकर बनवाया वीडियो
Sep8,2026
| Enews Team | Punjab
पंजाब। संगरूर में वित्त मंत्री हरपाल चीमा से नशे की सरेआम बिक्री पर सवाल पूछने वाले व्यक्ति ने सोमवार को जहर खाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले वीडियो बनाया था, जिसमें कहा था कि मेरी मौत के लिए मंत्री हरपाल चीमा, सरपंच समेत 4 लोग जिम्मेदार हैं। मंगलवार को AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि घटना के दो वीडियो सामने आए हैं। इसमें पहले वीडियो में कहीं भी हमारे किसी मंत्री का नाम नहीं लिया गया। वीडियो में यह सुना जा सकता है। अनुराग ढांडा ने कहा कि जब व्यक्ति ने जहर खा लिया था, तो उसे तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए था। लेकिन उस पर दबाव बनाकर दोबारा वीडियो बनवाया गया और कहा गया कि जब तक वह मंत्री का नाम नहीं लेगा, उसका इलाज नहीं किया जाएगा। इस पूरे मामले की जांच होनी चाहिए। इधर, मृतक गुलजार सिंह (50) के शव को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल से लाकर संगरूर सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस ने महिला सरपंच बलजिंदर कौर, उनके पति बलजिंदर सिंह समेत अन्य लोगों पर केस दर्ज कर लिया। साथ ही सरपंच के पति बलजिंदर को गिरफ्तार कर लिया है।
पहले जानिए गुलजार की मौत कैसे हुई
6 सितंबर को मंत्री हरपाल चीमा तूर बंजारा गांव में लोगों से मिलने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसान गुलजार सिंह ने उनसे मुलाकात की और बताया कि उसका बेटा और गांव के कई अन्य लोग 'चिट्टे' के नशे के आदी हैं। उसने मंत्री से इस पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई। परिवार का आरोप है कि इसके बाद सरपंच और पंच उनके घर आए और गुलजार सिंह को धमकाया कि मंत्री हरपाल चीमा से माफी मांग ले। इससे परेशान होकर उसने 7 सितंबर को जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे पहले संगरूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से पटियाला के राजिंदरा अस्पताल रेफर किया गया। पटियाला पहुंचने पर वेंटिलेटर नहीं मिला, तो उसे दोबारा संगरूर के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई थी।
मंत्री पर FIR दर्ज की जाए- चन्नी
पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने रात में फेसबुक पर लाइव आकर कहा कि संगरूर के दिड़बा हलके के तूर बंजारा गांव में वित्त मंत्री हरपाल चीमा के दौरे के दौरान गुलजार सिंह ने अपने बेटे के नशा करने और घर का सामान बेचने की शिकायत की थी। उन्होंने मंत्री से पूछा था कि नशा आखिर कहां से मिल रहा है। चन्नी के मुताबिक, इसके बाद पुलिस गुलजार के घर पहुंची और सोमवार को उसे पंचायत में बुलाया गया। पुलिस और मंत्री के खौफ से उसने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। चन्नी ने कहा कि मौत से पहले गुलजार ने वीडियो बनाकर मंत्री हरपाल चीमा और सरपंच को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस परिवार पर FIR दर्ज न कराने और पोस्टमॉर्टम रोकने का दबाव बना रही है। उन्होंने मंत्री और सरपंच के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Man-Commits-Suicide-After-Receiving-Threats-For-Raising-His-Voice-Against-Drug-Abuse-He-Held-Minister-Cheema-Responsible-While-Aap-Claimed-The-Video-Was-Made-Under-Duress