लुधियाना में फिर डॉ. अंबेडकर की मूर्ति का शीशा तोड़ा, महिला डॉक्टर ने की वारदात, सीसीटीवी में कैद
Oct30,2026
| Enews Team | Ludhiana
लुधियाना। जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा का शीशा एक बार फिर तोड़ दिया गया। शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक महिला पत्थर मारकर शीशा तोड़ते हुए दिखाई दी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया। 4 महीने पहले भी इस प्रतिमा को लेकर विवाद हो चुका है, जिसके बाद यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। तब लोगों ने कई शहरों में रोड जाम कर प्रदर्शन किए थे। घटना सलेम टाबरी थाना क्षेत्र के जालंधर बाईपास के मुख्य चौक की है। सुबह प्रतिमा के शीशे के टूटे होने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद सलेम टाबरी थाने की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोग भी वहां जुटने लगे और उन्होंने नाराजगी जताई।
सीसीटीवी में पत्थर मारती दिखी महिला, हिरासत में लिया
पुलिस ने चौक पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की तो एक महिला प्रतिमा के शीशे पर पत्थर मारती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है कि उसने ऐसा क्यों किया और क्या इस घटना में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। घटना की सूचना मिलने पर वालमीकि समाज के प्रधान चौधरी यशपाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से इसकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है। अगर किसी शरारती तत्व ने माहौल खराब करने के इरादे से ऐसा किया है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
Glass-Enclosure-Of-Dr-Ambedkars-Statue-Broken-Again-In-Ludhiana-Incident-Carried-Out-By-A-Female-Doctor-Captured-On-Cctv