लुधियाना। शुक्रवार को कौमी इंसाफ मोर्चा के पंजाब बंद के दौराल लुधियाना में ज्यादातर बाजार बंद रहे। शहर की प्रमुख मार्केट चौड़ा बाजार में कुछ दुकानें खुली तो पुलिस ने उन्हें बंद करवा दिया। पीसीआर की गाड़ी में पुलिस कर्मियों ने चौड़ा बाजार में राउंड कर दुकानदारों से दुकानें बंद करवाई, ताकि माहौल खराब न हो। वहीं दूसरी तरफ कौमी इंसाफ मोर्चा के समर्थकों ने लाडोवाल टोल प्लाजा के पास नेशनल हाईवे पर चक्का जाम किया। जिसकी वजह से लोगों को ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ा। इसके अलावा दुगरी में नहर वाले पुल पर भी चक्का जाम किया गया। समराला चौक व शहर के कई इलाकों में सिख संगठनों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। शहर में ज्यादातर प्राइवेट स्कूल कॉलेज बंद रहे जबकि सरकारी स्कूल खुले रहे। सरकारी स्कूलों में भी स्टूडेंट की गिनती काफी कम रही। घंटाघर, भारत नगर चौक, समराला चौक, चौड़ा बाजार समेत प्रमुख चौकों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।चंडीगढ़ रोड और फिरोजपुर रोड पर 12 बजे तक वाहनों की आवाजाही सामान्य रही लेकिन उसके बाद काम कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों ने कुछ समय के लिए जमालपुर के पास वाहनों की आवाजाही बंद की।